धूमधाम से मनाई गई राष्ट्रीय एकता दिवस पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

स्वतंत्र भारत के शिल्पकार और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में कलेक्ट्रेट सभागार में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्रा ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन करने से हुई। अपर जिलाधिकारी प्रशासन सहित अन्य अधिकारियों ने सरदार पटेल के योगदान को याद किया।

अपर जिलाधिकारी रजनीश कुमार मिश्रा ने कहा कि “सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने अदम्य साहस, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा से देश की रियासतों का एकीकरण कर भारत की अखंडता को सशक्त किया। उनके जीवन से हमें प्रेरणा मिलती है कि हम सभी देश की एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को सदैव बनाए रखें।”

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि विविधता में एकता ही भारत की पहचान है। समाज में सौहार्द, एकजुटता और साम्प्रदायिक सद्भाव को सशक्त करने के लिए निरंतर प्रयास करना आवश्यक है।

सरदार पटेल ने भारत की सैकड़ों रियासतों को जोड़कर एक अखंड राष्ट्र का निर्माण किया। राष्ट्रीय एकता दिवस हमें यह याद दिलाता है कि संविधान के आदर्शों को जीवंत रखने के लिए नागरिक चेतना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने आगे कहा कि सरदार पटेल के जीवन दर्शन, नेतृत्व और दूरदर्शिता से नई पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। राष्ट्रीय एकता दिवस का मूल उद्देश्य एकता की भावना को व्यवहार में लाना है। लोगों को अपने परिवार, गांव और समाज में आपसी सहयोग, सौहार्द और समरसता के मूल्यों को सुदृढ़ करना चाहिए।

इसी क्रम में पूरे जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सरकारी विभागों, विद्यालयों, कॉलेजों, पंचायत भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय एकता का संकल्प दोहराया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राशिद अली, सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version