अंकित तिवारी, ब्यूरो चीफ, प्रयागराज (यूपी), NIT:
गंगापार थाना थरवई क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा हसनपुर कोरारी में नव भारतीय किसान संगठन (अराजनैतिक) के प्रदेश अध्यक्ष सूर्यमणि शुक्ला का निजी निवास है। हाल ही में सूर्यमणि शुक्ला द्वारा “भूमाफिया भगाओ, किसान बचाओ आंदोलन” व्यापक रूप से चलाया जा रहा है। इसी आंदोलन के अंतर्गत 16 व 17 अक्टूबर 2025 को फूलपुर तहसील के अंतर्गत ब्लॉक परिसर फूलपुर में दो दिवसीय किसान पंचायत आयोजित की गई थी।
इस आंदोलन से क्षेत्र के भूमाफियाओं में खलबली मची हुई है। इसी क्षेत्र के चंद्रकांत दुबे, पुत्र स्वर्गीय राम कैलाश दुबे, निवासी जयंतीपुर थाना थरवई, प्रयागराज द्वारा गाटा संख्या 29 मी (नवीन परती, रकबा 0.1840 हेक्टेयर) पर अवैध कब्जा किया गया है। इसके अलावा सरोज त्रिपाठी के बैनामे की जमीन (आराजी संख्या 103) पर भी कब्जा किया गया है, जिसका स्थलीय निरीक्षण राजस्व टीम फूलपुर द्वारा किया जा चुका है।
राजस्व विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से बौखलाए भूमाफिया ने आवेश में आकर प्रदेश अध्यक्ष सूर्यमणि शुक्ला को भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। इस पर किसान नेता ने सुरक्षात्मक दृष्टि से कोई देर न करते हुए थाना प्रभारी थरवई संतोष पांडेय को लिखित तहरीर देकर विधिक कार्रवाई की मांग की।
मौके पर ग्राम प्रधान चक काशीराम, एडवोकेट लवलेश मिश्रा (तहसील अध्यक्ष), एडवोकेट अमित तिवारी (जिला सलाहकार), मंत्री हरिकांत तिवारी, कार्यालय प्रभारी रविंद्र सिंह पटेल, फोटो देवी, आयुष दुबे सहित कई सम्मानित किसान कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
