अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
थाना कठेला समय माता क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नवेल में सोमवार शाम छठ पर्व के दौरान डूबते सूर्य को अर्घ्य देने गई 10 वर्षीय बालिका बूढ़ी राप्ती नदी में डूब गई। बालिका की तलाश अभी भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, जग्गू निषाद की 10 वर्षीय पुत्री पूजा अर्घ्य देने के दौरान पैर फिसलने से नदी के गहरे पानी में चली गई। ग्रामीणों ने तत्परता से खोजबीन शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही थाना कठेला समय माता पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंचकर तलाश में जुट गई।
घटना की जानकारी मिलने पर नेता विपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उनके साथ सपा नेता जमील सिद्दीकी सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस प्रशासन ने बताया कि शव की तलाश जारी है और घटना की जांच की जा रही है।
