आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
गांगीवाड़ा में पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में डकैती की योजना बनाते हुए पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने डकैती से संबंधित सामग्री बरामद की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छिंदवाड़ा–नरसिंहपुर रोड के पास स्थित मयंक कोठारी के खाली प्लॉट क्षेत्र में तीन मोटरसाइकिलें खड़ी हैं, वहीं उनके पास 8–9 लोग बैठे हैं जिनके पास गैस कटर, तलवार, चाकू, लोहे की रॉड और आरी जैसी सामग्री है। वे आपस में बात कर रहे थे कि आज रात करीब 12 से 1 बजे के बीच गांगीवाड़ा रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर उसमें डकैती डालनी है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और थाने से अतिरिक्त बल बुलाकर घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से सभी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से डकैती में उपयोग करने के लिए गैस कटर, तलवारें, चाकू, नकाब, लोहे की रॉडें, दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की गई।
पकड़े गए आरोपियों में से दो आरोपी व चार नाबालिग नागपुर के अलग-अलग स्थानों के निवासी हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्र. 496/25 धारा 310(4), 310(5) BNS एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
