मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के अवसर पर जनपद में पदयात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक जिले में पदयात्राएं एवं अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक ज़िम्मेदारी और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के जनभागीदारी से राष्ट्र निर्माण के संकल्प से प्रेरित है।
अभियान के तहत मुख्य कार्यक्रमों से पूर्व निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिता, सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, यंग लीडर प्रोग्राम, सरदार पटेल के जीवन पर संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक, युवाओं में नशा मुक्त भारत शपथ, स्वच्छता अभियान, योग एवं स्वास्थ्य शिविर, तथा स्वदेशी मेलों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही करमसद (गुजरात) से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (केवड़िया) तक राष्ट्रीय पदयात्रा भी निकलने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन भी उपस्थित अतिथियों द्वारा किया गया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह सिनसिनवार ने सभी विभागों के समन्वय पर विशेष जोर दिया। जिला युवा अधिकारी मयंक भदौरिया ने पीपीटी एवं वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से बताया कि कार्यक्रमों का संचालन माय भारत पोर्टल पर किया जाएगा तथा एनएसएस, एनसीसी, युवा कल्याण विभाग तथा शिक्षा विभाग का सहयोग रहेगा।
इस अवसर पर एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, विधायक ददरौल अरविंद कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा, भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख खुटार नामित दीक्षित, जिला सूचना अधिकारी, युवा कल्याण अधिकारी, डीपीओ नमामि गंगे सोनम सचान, हिमांशु सक्सेना सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
