संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:
नगर में माहौल खराब करने की नीयत से कुछ असामाजिक तत्वों ने वरिष्ठ पत्रकार चंपत राय तिवारी के पुत्र सत्यम तिवारी (35 वर्ष) पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना 22 अक्टूबर की शाम लगभग 6 बजे साप्ताहिक बाजार क्षेत्र में हुई, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग कर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दी गई।
हमले में सत्यम तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले अमानगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार उचित न हो पाने पर उन्हें जिला चिकित्सालय पन्ना रेफर किया गया।

घटना के बाद पीड़ित सत्यम तिवारी ने थाने पहुँच कर शिकायत दर्ज कराई। इस पर अमानगंज थाना पुलिस ने आरोपी रोहित शर्मा एवं ठेकेदार शर्मा पर मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि यह मामला अभी सिर्फ मारपीट के रूप में दर्ज है और लूट की धारा शामिल नहीं की गई है।

हालाँकि, पीड़ित पक्ष का दावा है कि हमलावरों ने ₹45,000 की लूट भी की है। साथ ही यह आरोप भी लगाए जा रहे हैं कि मुख्य आरोपी स्थानीय टी.आई. रवि सिंह जादौन के साथ जिम करता है।

जिसके चलते चार दिनों से आरोपी खुलेआम नगर में घूम रहे हैं और गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस वजह से घटना नगर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
