मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
पश्चिम बंगाल में तीन करोड़ से अधिक की ठगी के मामले में वांछित आरोपी अभिषेक सम्राट सिंह को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर थाना रोजा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के असनसोल निवासी 61 वर्षीय अमन मन्ना के साथ 3.86 करोड़ रुपये की डिजिटल ठगी की गई थी।
इस मामले में असनसोल- दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज की गई थी।शिकायत के आधार पर ADPC पुलिस कमिश्नरेट थाना साइबर क्राइम आसनसोल-दुर्गापुर, पश्चिम बंगाल की एक संयुक्त टीम आरोपी की तलाश में शाहजहांपुर पहुंची। थाना रोजा पुलिस के सहयोग से संयुक्त टीम ने अहमद नगर निवासी 27 वर्षीय अभिषेक सम्राट सिंह को गोविंद नगर, मठिया कॉलोनी से गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी द्वारा अमन मन्ना को डिजिटल माध्यम से फंसाकर करोड़ों रुपये की वसूली की गई थी। पश्चिम बंगाल की पुलिस टीम द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया जारी है।
