गणेश मौर्या, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:
अंबेडकर नगर जिले के जलालपुर स्थित एचडीएफसी बैंक एक बार फिर विवादों में है। नोटबंदी के समय से ही यह बैंक कई बार सुर्खियों में रह चुका है। अब हाल ही में जलालपुर के जमालपुर वाजिदपुर गांव निवासी मोहर्रम अली पुत्र हयात मोहम्मद के साथ करीब ₹2,97,257 की साइबर ठगी का मामला सामने आया है।
पीड़ित मोहर्रम अली ने बताया कि 5 अक्टूबर 2025 की सुबह करीब 10 बजे उनके खाते से बिना किसी जानकारी के यह रकम निकाल ली गई। उन्होंने बताया कि पैसे कटने से पहले न तो कोई कॉल आया, न कोई ओटीपी, और न ही किसी प्रकार की चेतावनी मिली। जब खाते से पैसे निकलने का मैसेज आया तो उनके पैरों तले ज़मीन खिसक गई।
उन्होंने तुरंत एचडीएफसी बैंक के कस्टमर केयर को कॉल कर शिकायत दर्ज कराई और साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज की। पीड़ित ने पोर्टल पर दर्ज शिकायत की रजिस्ट्रेशन आईडी पुलिस को सौंपी, और पैसे वापस दिलाने की मांग की।
इस मामले में कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोहर्रम अली ने लोगों से अपील करते हुए कहा: अब आपका पैसा बैंक में भी सुरक्षित नहीं है, सभी को सावधान रहना चाहिए।

