रफीक़ आलम, दमुआ/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

विकासखंड जुन्नारदेव की ग्राम पंचायत छिंदीकामथ के माताबड़ चौक में शनिवार को मढ़काढाना-मेंहदावीर निवासी एक व्यक्ति ने उपचार के अभाव में रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर प्रदर्शन किया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के संचालन की मांग की।
धरना प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार संजय मशराम, जुन्नारदेव बीएमओ डॉ. सुरेश नागवंशी, और थाना प्रभारी राकेश बघेल मौके पर पहुंचे। साथ ही दमुआ और नवेगांव थानों का पुलिस बल भी मौजूद रहा। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि मृत व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए लगभग 12 घंटे पहले 108 एम्बुलेंस पर कॉल किया गया, लेकिन समय पर एम्बुलेंस नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने मांग की कि पूर्व की तरह छिंदीकामथ पंचायत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को पुनः खोला जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जिले के कई ग्रामों में अस्पताल भवन तो हैं, लेकिन डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का अभाव है। स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

