अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:
भागलपुर जिले के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के गोराडीह में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के पहुंचते ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम का मंच संचालन राजद जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर प्रसाद यादव ने किया। सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि पिछले बीस वर्षों से भाजपा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार में बिहार में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराध की घटनाओं में वृद्धि हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बिहार की जनता से वोट लेकर गुजरात में फैक्टरी खोल रही है, जिससे बिहार के लोग पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने भाजपा सरकार को “वोट चोर की सरकार” बताया। तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी, तो प्रत्येक महिला को सम्मान योजना के तहत 30,000 रुपये प्रति वर्ष उनके खाते में दिए जाएंगे। हर घर के लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा, “तेजस्वी जो कहता है, वो करके दिखाता है।” इशारों में उन्होंने यह भी संकेत दिया कि कहलगांव विधानसभा क्षेत्र से रजनीश कुमार को चुनाव लड़ाया जाएगा। कार्यक्रम में महागठबंधन के धौरिया विधायक भूदेव चौधरी, गोंडा विधायक संजय प्रसाद यादव, और अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
