संदीप शुक्ला, ग्वालियर (मप्र), NIT;
फूलबाग स्थित ऐतिहासिक बारादरी पर विख्यात मूर्तिकार रुद्र हांजी के अदभुत शिल्प “शिव परिवार” की रेप्लिका ठीक उसी स्थान पर पुनः स्थापित की जाएगी। महापौर विवेक शेजवलकर और आयुक्त विनोद शर्मा ने नागरिकों के बीच आकर मूर्ति तोड़े जाने के लिए खेद जताया और भविष्य में विरासत के संरक्षण का भरोसा जताया।
मंगलवार की शाम बरदारी पर नागरिकों की वृहद बैठक बारादारी पर आयोजित हुई। प्रारम्भ में बारादरी और रुद्र हांजी के गौरवशाली अतीत के बारे में बताया गया।रुद्र हांजी के हाथों बनी शिव परिवार की अदभुत प्रतिमा के तोड़े जाने पर नागरिकों ने एक स्वर में तीव्र आक्रोश जताया। बाद में महापौर विवेक शेजवलकर, नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा नागरिकों के बीच पहुंचे। दोनों ने मूर्ति तोड़े जाने के लिए पूरे शहर से खेद जताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में शहर की धरोहर से कोई छेड़छाड़ नहीं होगी।
ऐसे किसी भी विषय में नागरिकों से भी सलाह मशविरा किया जाएगा। दोनों ने ऑन कैमरा भरोसा जताया कि चूंकि मूर्ति छतिग्रस्त हो गयी है अतः जल्द ही इसका रेप्लिका बनवा कर उसी स्थान पर स्थापित की जाएगी। समस्त प्रकिया नियमानुसार समय सीमा में तय कर ली जाएगी और शिल्पकारों से प्रस्ताव आमंत्रित किये जायेंगे।
नागरिक मोर्चे की मांग पर महापौर और आयुक्त ने बताया कि बरदारी परिसर को “रुद्र हांजी परिसर” नाम देने के लिए निगम परिषद में ठहराव पारित किया जाएगा। इसके अलावा रुद्र हांजी की मूर्ति भी उपयुक्त स्थान पर स्थापित करने पर भी सहमति बनी।
