मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग द्वारा लगातार विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में श्यामा देवी, एस.एस. पीजी कॉलेज की बी0ए0 तृतीय वर्ष की एनसीसी कैडेट छात्रा को एक दिवसीय थाना प्रभारी नियुक्त किया गया।
थाने पर पहुंचने पर श्यामा देवी का थाना प्रभारी कोतवाली एवं पुलिस बल द्वारा स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रा को थाने की विभिन्न शाखाओं जैसे – महिला हेल्प डेस्क, मुंशी कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार एवं कम्प्यूटर कक्ष का भ्रमण कराया गया।
भ्रमण के दौरान उन्हें एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, शिकायतों की सुनवाई, अपराधों की विवेचना और महिला सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं से अवगत कराया गया।
एक दिवसीय थाना प्रभारी के रूप में श्यामा देवी ने महिला संबंधी शिकायतों की सुनवाई की और फरियादियों से संवाद स्थापित किया।
इस अवसर पर थाना चौक कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार ने कहा गया कि “मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत छात्राओं को एक दिवसीय थाना प्रभारी बनाकर न केवल उन्हें पुलिस कार्यप्रणाली से अवगत कराया जाता है, बल्कि उनके मन में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना भी मजबूत होती है। पुलिस सदैव महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सहयोग के लिए तत्पर है।”
इस आयोजन से श्यामा देवी को पुलिस कार्यप्रणाली की व्यवहारिक जानकारी प्राप्त हुई। साथ ही, कार्यक्रम से उपस्थित छात्राओं एवं महिलाओं में यह संदेश गया कि पुलिस उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति गंभीर है तथा मिशन शक्ति उनके सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
