तामिया मैराथन का ऐतिहासिक आगाज, यूपी धावकों ने लहराया परचम | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

तामिया मैराथन का ऐतिहासिक आगाज, यूपी धावकों ने लहराया परचम | New India Times

विश्व पर्यटन दिवस 27 सितंबर के उपलक्ष्य में “सेवा पखवाड़ा अभियान” 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 के अंतर्गत जुन्नारदेव विधानसभा के तामिया में पहली बार “तामिया मैराथन” का भव्य आगाज किया गया।  मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित। इस मैराथन के लिये तक कुल 746 प्रतिभागियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया था, जिनमें से 623 प्रतिभागियों ने सहभागिता कर इस आयोजन की तामिया में सफल शुरुआत की। इनमें मध्यप्रदेश सहित देश के 9 राज्यों और 20 जिलों के प्रतिभागी शामिल हुए। इतने कम समय में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में अन्य राज्यों के धावकों और बड़ी संख्या में प्रदेश के धावकों की सहभागिता ने तामिया मैराथन की ऐतिहासिक शुरुआत कर दी है। जिससे आगे के वर्षों में भी इसके लगातार आयोजन की प्रेरणा मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन और मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की श्रृंखला में आज की यह मैराथन खास भूमिका निभाएगी।

तामिया मैराथन का ऐतिहासिक आगाज, यूपी धावकों ने लहराया परचम | New India Times

रिमझिम फुहारों के बीच हरी झंडी दिखाते ही दौड़े धावक- कार्यक्रम में सबसे पहले  21 कि.मी. की  मैराथन की शुरुआत पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से की गई।  जिसके थोड़े अंतराल के बाद क्रमशः 11 और 05 किमी की दौड़ शुरू हुई। कलेक्टर  शीलेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक  अजय पाण्डेय, नगर निगम छिंदवाड़ा के महापौर  विक्रम अहके, सीईओ जिला पंचायत  अग्रिम कुमार, दिल्ली से आदि कर्मयोगी अभियान की समीक्षा के लिए छिंदवाड़ा पहुंचीं। एन.ई.एस.टी.एस. की असिस्टेंट कमिश्नर श्रीमती रश्मि चौधरी,  कवरेती, जिला एवं जनपद पंचायत के सदस्यगण और जिला खेल अधिकारी कृष्ण कुमार चौरसिया ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया और मैराथन की शुरुआत की। 21 किमी की मैराथन पी.डब्ल्यू.डी. रेस्ट हाउस से प्रारंभ होकर टोल प्लाजा, कुआं बादला मार्ग से होकर पुनः पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पर समाप्त हुई।

पुरस्कार वितरण : 21 किमी में यूपी के धावकों ने बाजी मारी-तामिया मैराथन में तीन कैटेगरी 21, 11 और 05 किमी के लिए महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के लिए अलग –  अलग प्रथम, द्वितीय, तृतीय विजेता घोषित किए गए। 21 कि.मी. मैराथन में उम्मीद से कहीं अधिक 350 धावकों ने भाग लिया, जिनमें 40 महिला धावक भी शामिल थीं। पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के सतीश वर्मा ने और महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश के कानपुर की याशी सचान ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का मुकाम हासिल किया। जिसके लिए दोनों धावकों को 31 – 31 हजार रुपए की पुरस्कार राशि के चेक प्रदाय किए गए।

इसी तरह उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के धीरज यादव और भोपाल की प्राची वडियार ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 21 – 21 हजार रुपए की राशि प्राप्त की। सतना के अभिषेक सोनी और तामिया की माधुरी नर्रे ने तृतीय स्थान हासिल कर 11 – 11 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्राप्त की। 11 कि.मी. दौड़ में गगन साहू और गीता भारती ने प्रथम स्थान, देवकीनन्दन ने द्वितीय एवं मनोज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 05 किमी दौड़ में अरुण धुर्वे और बिंदिया परतेती ने प्रथम, अजेश और अंकिता ने द्वितीय एवं हिमांशु और गिरिजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 5 कि.मी. और 11 कि.मी. के विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

सरप्राइज गिफ्ट भी दिए गए- तामिया मैराथन में कुछ सरप्राइस गिफ्ट भी रखे गए थे। 5 किमी दौड़ को पूरा करने वाले सबसे कम उम्र 8 वर्ष के प्रतिभागी प्रयान उट्टी और सबसे अधिक उम्र के पुरुष प्रतिभागी 72 वर्षीय श्री एस. बी. सोनटके को व महिला प्रतिभागी 65 वर्षीय विशाखा सोनटके को सरप्राइस गिफ्ट प्रदाय किए गए। इसी तरह 21 किमी मैराथन में सबसे कम उम्र 16 वर्षीय धावक गीतेश इड़पाची को सरप्राइस गिफ्ट दिया गया।

कलेक्टर ने माना सभी का आभार-  पुरस्कार वितरण के अवसर पर कलेक्टर सिंह ने कहा कि अद्भुत नैसर्गिक सुंदरता के साथ ही  छिंदवाड़ा और विशेषकर तामिया क्षेत्र में बहुत सारे संसाधन उपलब्ध हैं। इस तरह के आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही जिले को दूर-दूर तक नई पहचान दिलाएंगे। उन्होंने तामिया मैराथन के इस पहले आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागियों विशेषकर अन्य राज्यों एवं अन्य जिलों से पहुंचे धावकों, पर्यटन को बढ़ावा देने की मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव एवं पर्यटन मंत्री की प्रेरणा, मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड, जिले के जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों, जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, खेल शिक्षकों, मीडिया के साथियों, एन.सी.सी. कैडेट्स, वॉलंटियर्स सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही सभी विजेताओं को बधाई दी और भविष्य में देश – प्रदेश में नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अन्य सभी प्रतिभागियों को भी आगे और मेहनत करते हुए प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पाने के लिए प्रोत्साहित किया।

महापौर ने कहा ऐतिहासिक आयोजन- मैराथन के समापन अवसर पर नगर निगम महापौर विक्रम अहके ने कहा कि आज तामिया मैराथन का ऐतिहासिक आगाज हुआ है। घाटियों में होने वाली संभवतः यह प्रदेश की पहली मैराथन होगी। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने कम समय और सीमित संसाधनों में भी इतनी खूबसूरत जगह पर इतने बेहतर एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए कलेक्टर सिंह एवं जिला प्रशासन की पूरी टीम की सराहना करते हुए बधाई दी। सभी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की उसके लिए धन्यवाद दिया।

सीईओ जिला पंचायत  अग्रिम कुमार ने केवल 5 दिन की तैयारी में तामिया मैराथन के इतने बेहतर और सफल आयोजन के लिए कलेक्टर  सिंह की प्रेरणा को श्रेय दिया और सभी की सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। अंत में एसडीएम जुन्नारदेव सुश्री कामिनी ठाकुर द्वारा आभार ज्ञापन के साथ तामिया मैराथन का समापन हुआ। कार्यक्रम में जुंबा डांस भी आकर्षण का केंद्र रहा, जिस पर सभी प्रतिभागी जमकर थिरके और अपना उत्साह व्यक्त किया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version