रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

मेघनगर स्थानीय श्री सौधर्म बृहद तप्पोगच्छिय श्वेतांबर जैन मूर्तिपूजक त्रिस्तुतिक श्रीसंघ एवं परिषद परिवार का संयम वंदन यात्रा का चौथा चरण रविवार को पूर्ण हुआ। उक्त जानकारी देते हुए नवयुवक परिषद अध्यक्ष देवेंद्र जैन ने बताया कि प्रथम चरण में मुम्बई में पूज्य गच्छाधिपति श्रीमद विजय नित्यसेन सुरीश्वरजी एवं भारतनगर में विराजित मुनि सिद्धरत्न विजयजी आदि ठाणा का दर्शन वंदन लाभ लिया, तो वहीं दूसरे चरण में टांडा एवं कुक्षी में पूज्य साध्वी भगवंत के दर्शन वंदन का लाभ लिया। तीसरे चरण में संघ एवं परिषद के अग्रणियों ने अहमदाबाद में विराजित साध्वी भगवंत एवं शंखेश्वर में विराजित मुनि भगवंत के दर्शन वंदन का लाभ लिया।
नवयुवक परिषद के प्रवक्ता दिविक कावड़िया ने बताया कि रविवार 14 सितम्बर को संघ एवं परिषद के 15 सदस्यीय दल ने नागदा जंक्शन में विराजित पूज्य मुनि श्री प्रत्यक्षरत्न विजयजी एवं श्री पवित्ररत्न विजयजी महाराज साहब, खाचरोद में विराजित पूज्य साध्वी श्री सुपार्श्वनिधिजी आदि ठाणा, जावरा में विराजित श्री अमृतरसाजी आदि ठाणा, एवं रतलाम में विराजित साध्वीजी श्री शाश्वतप्रियाजी आदि ठाणा के दर्शन वंदन करते हुए क्षमायाचना की। नागदा, खाचरोद, जावरा एवं रतलाम संघ द्वारा मेघनगर संघ एवं परिषद के पदाधिकारियों का बहुमान भी किया गया।
