अबरार अहमद खान/सरवर खान जरीवाला, भोपाल, NIT;
मध्य प्रदेश के इंदौर में दिल्ली पब्लिक स्कूल की बस और एक ट्रक में जबरदस्त टक्कर होने के कारण ड्रायवर समेत 5 बच्चों की मौत हो गई थी, इस मामले में गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने जांच के आदेश दिए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक इंदौर डीपीएस स्कूल बस हादसे में गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने स्कूल प्रबंधन और स्पीड गवर्नर लगाने वाली कंपनी पर एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
डीआईजी इंदौर को आज शनिवार को लिखे पत्र में गृहमंत्री ने कहा है कि एक्सीडेंट हुई बस के ड्राइवर ने स्कूल प्रबंधन से बस में आई तकनीकी खराबी सुधरवाने के लिए कई बार कहा था, मगर स्कूल प्रबंधन ने ड्राइवर की बात को नजरअंदाज किया। इस वजह से यह दर्दनाक दुर्घटना हुई, जिसमें चार बच्चों सहित बस ड्राइवर और कंडक्टर की मौत हुई है।
गृहमंत्री सिंह ने अपने पत्र में यह भी कहा है कि दुर्घटना के समय बस की स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास थी, जो कि दुर्घटना की एक बड़ी वजह बनी। बस में लगा स्पीड गवर्नर अगर सही तरीके से काम कर रहा होता, तो बस इतनी स्पीड से नहीं दौड़ रही होती।
स्पीड गवर्नर सही नहीं लगाने की वजह से गृहमंत्री ने स्पीड गवर्नर लगाने वाली कंपनी पर भी मुकदमा दायर करने को कहा है।
15 साल से ज्यादा पुरानी बस को इंदौर आरटीओ द्वारा फिटनेस सर्टीफिकेट दिए जाने पर गृहमंत्री ने चिंता जाहिर की है। गृहमंत्री ने आदेश दिया है कि एक उच्च स्तरीय टेक्निकल एजेंसी से बस की फिटनेस की दोबारा जांच कराई जाए, जिससे की इंदौर आरटीओ द्वारा दी गई फिटनेस की हकीकत सामने आए।
