बुरहानपुर में सफाई मित्रों का हुआ सम्मान, विधायक अर्चना चिटनिस और महापौर माधुरी पटेल ने धोए पैर व फूल बरसाए | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बुरहानपुर में सफाई मित्रों का हुआ सम्मान, विधायक अर्चना चिटनिस और महापौर माधुरी पटेल ने धोए पैर व फूल बरसाए | New India Times

सफाई-मित्र सम्मान समारोह एवं क्षमता वर्धन कार्यशाला का आयोजन विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल की अध्यक्षता में गुरुवार को अमरावती रोड स्थित गुर्जर भवन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कलेक्टर हर्षसिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.मनोज माने, नगर निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव सहित समस्त जनप्रतिनिधिगण व अधिकारीगण मौजूद रहे। इस अवसर पर श्रीमती चिटनिस ने सफाई मित्रों के पैर धोए और उन पर फूल बरसाकर उपहार स्वरूप स्टील के बर्तन भेंट किए। साथ ही उपहार के साथ प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया। उपहार और सम्मान पाकर सभी सफाई मित्र खुशी से झूम उठेे। श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि हमारे सफाई मित्र अग्रिम पंक्ति के स्वच्छता योद्धा हैं। वे बीमारियों, गंदगी और स्वास्थ्य जोखिमों से हमारी सुरक्षा करते हैं और राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता के क्षेत्र में हमारी उपलब्धियों का सबसे बड़ा श्रेय हमारे सफाई मित्रों को जाता है। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर को सबसे साफ-सुथरा शहर बनाने के लिए स्वच्छता के कार्यों में जनसहभागिता बढ़ानी होगी। शहर के एक-एक व्यक्ति, एक-एक परिवार को इस मिशन से जोड़ना होगा, तभी हम बुरहानपुर को स्वच्छतम शहर बना सकेंगे। बुरहानपुर को जो स्वच्छता सर्वेक्षण में उपलब्धियां हासिल हुई हैं, उसकी नींव की पत्थर हमारी स्वच्छता दीदियां और सफाई मित्र ही हैं। स्वच्छता सेवा और समर्पण का काम है, जिसे ये पूर्ण मनोयोग से कर रहे हैं। आप लोग शहर को साफ और सुंदर बनाने के लिए धूप, बरसात और ठंड में भी अपने कार्यों को अंजाम देते हैं। आवश्यकता है बुरहानपुर को सबसे साफ-सुथरा शहर बनाने हेतु हम सभी गंभीर होकर सक्रियता से काम करें।

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर में स्वच्छता को एक जन-आंदोलन बनाने की दिशा में यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन बुरहानपुर की प्रथम नागरिक श्रीमती माधुरी अतुल पटेल के नेतृत्व में हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य शहर के स्वच्छता कर्मियों को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित करना है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में बुरहानपुर ने 36वां और 24वां स्थान प्राप्त किया है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। इस सफलता का श्रेय पूरी तरह से हमारे स्वच्छता कर्मियों को जाता है, जिन्होंने दिन-रात मेहनत करके इस लक्ष्य को हासिल करने में मदद की। इस उपलब्धि के लिए पूरी नगर निगम की टीम बधाई की पात्र है, जिन्होंने मिलकर स्वच्छता के महत्व को बुरहानपुर के नागरिकों तक पहुँचाया।

स्वतंत्रता का अर्थ है ज़िम्मेदारी

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि हाल ही में हमने 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। स्वतंत्रता हमें जिम्मेदारी का भाव सिखाती है, और इसी भावना के साथ हम सभी को एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन में अपनी भूमिका निभाने का प्रयास करना चाहिए। आज हमने बुरहानपुर को देश के शीर्ष 10 स्वच्छ शहरों की श्रेणी में लाने का संकल्प लिया है। जैसे लोकमान्य तिलक ने सार्वजनिक गणेश उत्सव के माध्यम से स्वतंत्रता की अलख जगाई थी, वैसे ही स्वच्छता भी हमारा अधिकार और जिम्मेदारी दोनों है। आइए, हम सब मिलकर इस संकल्प को पूरा करें।

भगवान श्री गणेश जी की कृपा से सिंगल यूज प्लॉस्टिक मुक्त बनेगा बुरहानपुर

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि प्लॉस्टिक मुक्त बुरहानपुर के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए, प्लॉस्टिक का उपयोग कम करना एक महत्वपूर्ण कदम है। सभी नागरिकों से आग्रह है कि जब भी घर से निकलें तो कपड़े की थैली लेकर निकलें ताकि प्लास्टिक का उपयोग कम हो सके। दूध लाने के लिए प्लॉस्टिक की थैलियों के बजाय, स्टील के हैंडल वाले बर्तनों का उपयोग किया जा सकता है। हमारा उद्देश्य बुरहानपुर की गलियों, मोहल्लों और सड़कों को पूरी तरह से प्लास्टिक मुक्त करना है। यह तभी संभव होगा जब हम सब मिलकर अपना योगदान देंगे और अपने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए काम करेंगे। बुरहानपुर को सिंगल यूज प्लॉस्टिक मुक्त बनाने हेतु आज से अभियान का शुभारंभ करते हुए सफाई मित्रों को स्टील का बर्तन भेंट किया। ताकि जब भी बाजार से दूध लेने जाए तो यह स्टील का बर्तन लेकर जाए। नागरिकों से भी आव्हान है कि वह इस अभियान का हिस्सा बने।

शाहपुर नगर परिषद का सम्मान

इस अवसर पर श्रीमती चिटनिस ने शाहपुर नगर परिषद के अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेन्द्र तिवारी और उपाध्यक्ष प्रतिनिधि गोपाल चौधरी का स्वच्छता में शाहपुर नगर परिषद के उत्कृष्ट कार्य करने और सिंगल यूज प्लॉस्टिक मुक्त करने पर उनका स्वागत-अभिनंदन किया। इस अवसर पर पूर्व महापौर अतुल पटेल, नगर निगमाध्यक्ष श्रीमती अनिता अमर यादव, गजेन्द्र पाटिल, पार्षद धनराज महाजन, संभाजीराव सगरे, आशीष शुक्ला, राजू शिवहरे, अशोक महाजन, गौरव शुक्ला, जफर फ्रूट वाले, महेन्द्र इंगले, राजेश महाजन, भरत मराठे, एहफाज़ मुज्जु मीर, इनाम अंसारी, आसिफ पार्षद, अब्दुल पार्षद, हफीज़ मंसूरी, विपुल कानूनगो, किशोर कामठे, ईश्वर चौहान, चिंटू राठौर, अक्षय मोरे एवं सुनिल वाघे सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक व बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version