मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:

अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र तथा मैहर जिले की 6 पंचायतों (मुकुन्दपुर, धोबहट, आमिन, परसिया, आनंदगढ तथा पपरा) को रीवा जिले मे जोडने का कुत्सित प्रयास रीवा जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता व प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल जी द्वारा शुरु किया गया प्रतीत होता है। मुख्य लक्ष्य तो उनका व्हाइट टाइगर सफारी है।
लेकिन उसे आवरण से ढकने के लिए मुकुन्दपुर के साथ साथ 5 अन्य पंचायतों को जोडने की कोशिश है। इसमें घोर चालाकी की गई है। विधान सभा सत्र 8 अगस्त 2025 तक चलना था लेकिन जब अध्यक्ष महोदय ने दिनांक 6 अगस्त 2025 को ही समाप्त घोषित कर दिया। अगले दिन यानि 7 अगस्त 2025 को यह विवादित पत्र कलेक्टर मैहर ने ADM के माध्यम से जारी करा दिया ताकि विधान सभा में इसे उठाने से अमरपाटन विधायक वंचित रह जाए।
यह लड़ाई अमरपाटन क्षेत्र के सभी नागरिको की है और यह हमारे सामने एक चुनौती दी गई है, जिसे हम सब को विशेष कर युवाओं को स्वीकार करनी होगी। इसमें सभी राजनीतिक दल,सामाजिक संगठन, NGO, किसान संगठन, व्यापारी संगठन, अमरपाटन एवं रामनगर अधिवक्ता परिषद् इत्यादि सब को मिल कर संघर्ष करना है।
मेरा प्रस्ताव है की अमरपाटन अधिवक्ता परिषद् समन्वयक का कार्य करे और हम लोग गांधीवादी तरीके से, कानून का सम्मान करते हुए विरोध स्वरूप मैहर जेल को भर दें। मेरा प्रस्ताव है कि प्रथम चरण में 1000 सत्याग्रही रजिस्टर कराए और नियत तिथि मे हम सब जेल चलें। पहले ही सरकार ने अमरपाटन के साथ कई अन्याय किए हैं, जैसे मौहारी कटरा राजस्व परिक्षेत्र को अमरपाटन तहसील से काट कर रामपुर बघेलान में जोड़ दिया गया।
अमरपाटन की जनता की इच्छा के विपरीत सतना से अलग कर मैहर जिले में शामिल करना, मैहर जिले के प्रशासनिक मुख्यालय भवनों को अमरपाटन से और दूर मैहर के आगे कटनी रोड के ग्राम पोड़ी मे मंजूर करना जबकि इसे अमरपाटन-मैहर की बीच बनाया जाना चाहिए और अब मुकुन्दपुर सफारी के साथ 6 पंचायतों को रीवा जिले में मिलाने का प्रस्ताव किया गया है।
हम सब प्रयास करें की ये सभी 6 ग्रामों की ग्राम सभाएं इसके विरोध में प्रस्ताव पारित करें। ध्यान देने योग्य है कि SDM से लेकर अन्य अधिकारी पंचायतों पर इसे अनुमोदित करने का भारी दबाव बनायेंगे और हमारे बीच के कुछ जयचंद्रो और मीर जाफरो से भी सावधान रहना पड़ेगा।
बापू ने कहा था कि अन्याय करने से बडा अपराध अन्याय सहना है। क्या इस चुनौती को स्वीकार करने क्षेत्र का युवा तैयार है ? अरे भाई मन्दिर तो हम खूब जाते हैं लेकिन क्षेत्र के नौजवानों के हक और भविष्य की लडाई लडने के लिए हम जेल नहीं जांयेगे ? दादाभाई डॉ.राजेन्द्र सिंह वर्तमान विधायक अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 66 ने कहा कि मैं विश्वास दिलाता हूं की ईस संघर्ष मे, मै आप के साथ अग्रिम पंक्ति मे हमेशा रहूंगा।

