अंकित तिवारी, ब्यूरो चीफ, प्रयागराज (यूपी), NIT:

भाकपा (माले) और इंसाफ मंच की संयुक्त जांच रिपोर्ट पर आधारित पुस्तिका का बुधवार को यहां काफी हाउस हजरतगंज में विमोचन किया गया। प्रदेश में खासकर तराई अंचल में योगी सरकार द्वारा मुस्लिमों की इबादतगाहों, दरगाहों व मदरसों पर चलाए जा रहे बुलडोजर अभियान की सच्चाई उजागर करती 20 पृष्ठों वाली पुस्तिका को भाकपा (माले) के राज्य सचिव सुधाकर यादव व इंसाफ मंच के प्रदेश संयोजक अफरोज आलम ने पत्रकार वार्ता में जारी किया।
पुस्तिका जारी करते हुए दोनों नेताओं ने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है। तराई के जिलों में बुलडोजर व बंदी की कार्रवाई सिर्फ मुस्लिमों की इबादतगाहों व शिक्षा केंद्रों (मदरसों) पर की गई है। बहराइच, श्रावस्ती सहित पूरे अंचल में 60 के करीब मजारों, मस्जिदों, ईदगाहों व मदरसों को बुलडोजर चला कर ध्वस्त कर दिया गया है।
पुस्तिका में श्रावस्ती जिले में जमींदोज की गई ऐसी इमारतों व संस्थानों की सूची दी गई है। सिर्फ तीन जिलों – बहराइच, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर – में ही 500 से ज्यादा मदरसे बंद कर दिए गए हैं। मदरसों, मजारों पर बुलडोजर कार्रवाई तराई क्षेत्र में पीलीभीत से लेकर महाराजगंज जिले तक चली है।
दोनों नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार गाजा में नरसंहार रचने वाली इजराइल सरकार के साथ न सिर्फ खड़ी है, बल्कि इजराइली दमन के बुलडोजर माडल को भारत में लागू कर रही है। वह देश के मुस्लिमों, दलितों, आदिवासियों व गरीबों पर जुल्म ढाने के लिए, उन्हें सबक सिखाने के लिए इसका इस्तेमाल कर रही है।
नेताद्वय ने कहा कि योगी-मोदी सरकार अपने को राजाशाही के दौर का राजा समझ कर और संविधान, न्याय, लोकतंत्र को ताक पर रख कर प्रदेश व देश में बुलडोजर चला रही है। इसे बर्दास्त नहीं किया जायेगा। भाकपा (माले) व इंसाफ मंच इसके खिलाफ बड़ा जन आंदोलन खड़ा करेंगे।
दोनों नेताओं ने प्रदेश की लोकतांत्रिक शक्तियों, विपक्षी राजनीतिक दलों व न्याय प्रिय लोगों से प्रदेश में मुस्लिमों की इबादतगाहों, मदरसों सहित जहां कहीं भी यह बुलडोजर अभियान चल रहा है, उसके खिलाफ खड़े होने और बुलडोजर से लोकतंत्र व संविधान को बचाने के लिए आगे आने की अपील की।
उन्होंने यह भी बताया कि सितंबर में भाकपा (माले) व इंसाफ मंच योगी सरकार के दमनकारी, नफरती व असंवैधानिक बुलडोजर अभियान के खिलाफ लखनऊ में बड़ा प्रतिवाद आयोजित करेंगे।
इस अवसर पर जांच टीम के सदस्य व भाकपा (माले) राज्य कमेटी के कामरेड रामलौट, जमाल खान, राज्य स्थाई समिति सदस्य विजय विद्रोही, रमेश सिंह सेंगर, इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) के प्रदेश सचिव सुनील मौर्य व राजीव गुप्ता, इंसाफ मंच रायबरेली के अध्यक्ष डाक्टर हलीम, इंसाफ मंच लखनऊ के शकील सिद्दीकी, आइसा के शांतम निधि आदि उपस्थित थे।
गौर तलब है कि भाकपा (माले) और इंसाफ मंच की संयुक्त जांच टीम ने प्रदेश के तराई अंचल में मुस्लिमों की इबादतगाहों व मदरसों पर चल रहे बुलडोजर अभियान की जांच करने और तथ्यों को एकत्र करने के लिए हाल में बहराइच, श्रावस्ती व सिद्धार्थनगर जिलों का दौरा किया था। आंखों देखा हाल सचित्र पुस्तिका के रुप में प्रकाशित किया गया है।

