मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बुरहानपुर के मोरधड़ में हाईवे निर्माण कंपनी के डस्ट प्लांट में दो मासूम बच्चों की मौत एक हृदय विदारक घटना है और यह घटना गंभीर लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अवहेलना का परिणाम है। बुरहानपुर कांग्रेस पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती है। ज़िला कांग्रेस कमेटी बुरहानपुर के वरिष्ठ प्रवक्ता हाजी शेख रूस्तम ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हाईवे निर्माण कंपनी का व्यापक पैमाने पर काम चल रहा है और इसमें बड़ी संख्या में मज़दूर कार्यरत हैं जो अपने परिवारों के साथ निवास करते हैं ऐसी स्थिति में ऐसी घटना होना यह साबित करता है कि निर्माण कंपनी कार्यस्थल पर मजदूर और उनके परिवारों की सुरक्षा को लेकर कतई गंभीर नहीं है, जिसका परिणाम यह हुआ कि दो मासूम बच्चों की जान चली गई।
यह घटना निर्माण कंपनी की गंभीर लापरवाही की और संकेत करती है, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं। क्या इतने बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य में लगी कंपनी ने कोई सुरक्षाकर्मी, सुपरवाइजर तैनात नहीं किए थे या फिर कंपनी इस तरह के होने वाले हादसों के प्रति बिल्कुल भी बेपरवाह थी। निर्माण कंपनी ने कार्यरत मजदूरों की जीवन रक्षक परिस्थितियों की ओर कतई ध्यान नहीं दिया। जबकि ऐसे कार्य स्थल जोखिम भरे और दुर्घटना संभावित होते हैं।बुरहानपुर ज़िला कांग्रेस कमेटी बुरहानपुर के ज़िला प्रवक्ता हाजी शेख रुस्तम ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर हाईवे निर्माण कंपनी की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जाए जिससे जनहानि ना हो सके। साथ ही कांग्रेस प्रवक्ता ने मांग की है मृतक बच्चों के परिजनों को हाईवे निर्माण कंपनी और शासन प्रशासन मुआवज़ा राशि प्रदान करें।

