वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

प्रदेश में खरीफ की फसल के सीजन में किसानों को खाद्य और सिंचाई के लिए भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसी गंभीर समस्या को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी खीरी के माध्यम से सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में धान की रोपाई जोरों पर है, लेकिन किसानों को न तो समय पर यूरिया खाद मिल रही है और न ही सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली और पानी। किसानों को फसल की बुआई के समय खाद और बिजली की सख्त जरूरत होती है, लेकिन सरकारी वादे और व्यवस्थाएं पूरी तरह फेल साबित हो रही हैं।
कांग्रेस नेता जिला उपाध्यक्ष मोनिस नकवी और शहर अध्यक्ष रियाज अहमद मोनू ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने चुनावी वादों में किसानों को मुफ्त बिजली देने की बात कही थी, लेकिन अब किसान बिजली के लिए लाइन में खड़े हैं और खाद के लिए मीलों दूर भटकने को मजबूर हैं। मंडियों और दुकानों में यूरिया ब्लैक में बिक रही है, जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ गई है।
प्रदेश का अन्नदाता किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। कांग्रेस पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से राज्य सरकार से किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने, यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित कराने और पर्याप्त बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे। अंत में प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से हस्तक्षेप कर किसानों को राहत दिलाने की अपील की।

