ज़फ़र खान, अकोट/अकोला (महाराष्ट्र), NIT:

शहर के बड़ी उमरी इलाके में अज्ञात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया है। चोरों ने घरों के दरवाजों की कुंडी तोड़कर सेंध लगाई और अलमारियों से आभूषण व नगदी पर हाथ साफ किया। हैरानी की बात यह है कि चोर अपने साथ प्याज का एक बोरा भी ले गए। यह घटना बड़ी उमरी स्थित पेट्रोल पंप के पीछे गमे लेआउट और कोठारी लेआउट परिसर में सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।मिली जानकारी के अनुसार, एक घर से चोरों ने सोने का मंगलसूत्र, गैस सिलेंडर, शेविंग मशीन और प्याज का कट्टा चुरा लिया।
वहीं, दूसरे घर में चोरों ने ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाए। कोठारी लेआउट स्थित एक अन्य घर के गेट का ताला तोड़कर चोरों ने अलमारी साफ कर दी और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी गायब कर दिए।घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की। इस घटना से इलाके के नागरिकों में भय का माहौल है। खबर लिखे जाने तक चोरी हुए माल की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
