रीजनल इंडस्ट्री स्किल एण्ड इम्पलायमेंट कॉन्क्लेव में हुआ 56 करोड़ ऋण वितरण | New India Times

मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:

रीजनल इंडस्ट्री स्किल एण्ड इम्पलायमेंट कॉन्क्लेव में हुआ 56 करोड़ ऋण वितरण | New India Times

रीवा में कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में रीजनल इंडस्ट्री स्किल एवं इम्प्लायमेंट कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के रतलाम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से उद्बोधन का सजीव प्रसारण दिखाया गया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने रीवा के दो सफल उद्यमियों फोर्टिफाइड चावल बनाने वाले दिनेश गुप्ता तथा सीमेंट बैग एवं टेक्सटाइल यूनिट चलाने वाले जयराम खन्ना से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने दोनों उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सागर, पीथमपुर, अलीराजपुर के भी सफल उद्यमियों से संवाद किया।

एमएसएमई विभाग तथा उद्योग विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शासन की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को 56 करोड़ रुपए की ऋण और अनुदान राशि का वितरण किया गया। इस अवसर पर सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए स्वरोजगारियों को प्रोत्साहित किया है। जिले में लघु एवं मध्यम उद्योगों को चलाने वाले तथा स्वसहायता समूह बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं। स्वनिधि योजना के हितग्राही, स्वसहायता समूह की महिलाएं तथा छोटे उद्यमी जिम्मेदारी से अपना लोन चुकाते हैं। शासन की योजनाओं का लाभ लेकर ऋण राशि का सही उपयोग करें। अपने उद्यम का जिम्मेदारी से संचालन करते हुए आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। अपने साथ-साथ अन्य लोगों को भी रोजगार का अवसर दें।

प्रशासन और बैंक आपकी पूरी मदद कर रहे हैं। पूरे देश में लघु और मध्यम उद्योगों की भागीदारी 33 प्रतिशत से अधिक है। समारोह में विधायक मनगवां श्री नरेन्द्र प्रजापति ने कहा कि रीवा में लघु उद्यमी तथा महिला स्वसहायता समूह बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं। उनकी सफलता की कहानियाँ सबके लिए प्रेरक हैं। प्रदेश के विकास और रीवा की उन्नति में महिलाएं सराहनीय योगदान दे रही हैं। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार एमएसएमई तथा उद्योग विभाग की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को आज एक मंच पर लेकर आने का अवसर मिला है। आप सब एक-दूसरे से संवाद करके सफलता के मंत्र साझा करें।

जिले में कई महिला स्वसहायता समूह बहुत अच्छा कार्य कर रही हैं। इनके माध्यम से महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ जागरूकता और आत्मविश्वास की भी सौगात मिली है। कार्यक्रम में महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र जेपी तिवारी ने कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि आज विभिन्न योजनाओं से हितग्राहियों को 56 करोड़ की ऋण राशि वितरित की जा रही है। जिले के औद्यौगिक केन्द्र घूमा का मुख्यमंत्री जी ने वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया है। यहाँ औद्योगिक इकाईयों के लिए मूलभूत सुविधाओं का विकास तेजी से किया जा रहा है। यहाँ से कई इकाईयाँ स्थापित हो जाएंगी।

कॉन्क्लेव में महिला स्वसहायता समूहों तथा लघु उद्यमियों ने अपने सफलता के अनुभव बांटे। कार्यक्रम में सफल उद्यमी श्रीमती राखी सिंह, प्रशस्ति पाण्डेय, शिवकुमार सोनी, गुलशन साकेत, प्रहलाद सिंह, दिलीप तिवारी, राजीव सोनी, योगेन्द्र मिश्रा, श्वेता पाण्डेय, विजय द्विवेदी, सौरभ पटेल, कृष्णा तिवारी, सीता यादव, रेशमा बानो, रूपा विश्वकर्मा, गीता त्रिपाठी, तारावती चौधरी तथा अन्य उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, जिला पंचायत सदस्य तथा उद्योग एवं सहकारिता समिति की अध्यक्ष डॉ संगीता सोनल शर्मा, जिला पंचायत सदस्य श्री देवेन्द्र शुक्ला, क्षेत्रीय संचालक एमपीआईडीसी यूके तिवारी, एलडीएम जगमोहन, स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्वरोजगारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version