मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशानुसार जिले के थानों में जप्त अवैध शराब के समय पर निराकरण की कार्रवाई निरंतर जारी है। इसी क्रम में थाना शाहपुर, खकनार एवं आबकारी विभाग द्वारा आबकारी अधिनियम के अंतर्गत दर्ज प्रकरण में जप्त की गई कुल 9639 (नौ हजार छः सौ उनचालीस ) लीटर अवैध शराब का विधिसम्मत रूप से नष्टीकरण दिनांक 11 जून 2025 को संपन्न किया गया।
यह नष्टीकरण नगर निगम ट्रेंचिंग ग्राउंड, बुरहानपुर में माननीय न्यायालय के आदेशानुसार, समस्त विधिक प्रक्रिया के अंतर्गत पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया गया। इस कार्रवाई के दौरान अपर कलेक्टर, जिला बुरहानपुर श्री वीरसिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतरसिंह कनेश, जिला आबकारी अधिकारी श्री पार्थ सारथी शर्मा, सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री बसंत कुमार भीटे, थाना प्रभारी शाहपुर श्री अखिलेश मिश्रा, पुलिस विभाग एवं आबकारी विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह कार्रवाई जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल है, जिससे समाज में कानून व्यवस्था की सशक्त स्थापना हो सके।
