मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

शाहजहांपुर के थाना रोजा क्षेत्र के लखनऊ-बरेली हाइवे पर खड़े ट्रक में अनियंत्रित होकर एक तेज़ रफ़्तार कार टकरा गई, इस भीषण हादसे में एक बच्चे सहित तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि ये लोग गोरखपुर से नैनीताल घूमने जा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना रोजा पुलिस ने घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत्यु घोषित कर दिया और तीन लोगों का इलाज जारी है। हादसे में शिवम पांडेय 35 वर्ष, उनके बेटे माधवन 2 वर्ष, श्वेता द्विवेदी 35 वर्ष की मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी राजेश द्विवेदी, सीओ सदर ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हाल-चाल जाना।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि आज सुबह 6:30 बजे थाना रोजा पर सूचना मिली कि लखनऊ-बरेली हाइवे पर लखनऊ की ओर से आ रही एक कार रोड पर खड़े ट्रक से टकरा गई है, सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान तीन लोगों की मृत्यु हो गई व तीन लोगों का उपचार चल रहा है।
ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और ट्रक ड्राइवर मौके से फरार है। आगे की जांच की जा रही है।

