निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

भारतीय बौद्ध महासभा के तत्वावधान में दूसरी बार आयोजित बौद्धाचार्य परीक्षा में 32 परीक्षार्थियों में से 18 परीक्षार्थी परीक्षा उत्तीर्ण करके बौद्धाचार्य बने। इससे अब जनपद में बौद्ध धम्म के विकास को गति मिलेगी। उक्त बातें दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया के जिलाध्यक्ष राममिलन गौतम ने बताई।
आगे कहा कि पूर्व में 29 अक्टूबर से 7 नवंबर 2024 तक इटवा के वेलकम मैरेज हाल में हुए बौद्धाचार्य प्रशिक्षण में कुल 62 प्रशिक्षुओं ने बौद्धाचार्य का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के उपरांत प्रशिक्षुओं की परीक्षा कराई गई, जिसमें 22 प्रशिक्षु परीक्षा उत्तीर्ण कर बौद्धाचार्य व 5 प्रशिक्षु बाल श्रमणेर बने तथा 3 प्रशिक्षु परीक्षा में सम्मिलित ही नहीं हुए।
केन्द्रीय कमेटी के निर्देश पर 30 मार्च को अनुत्तीर्ण सभी 32 प्रशिक्षुओं का एक बार पुनः केंद्रीय प्रशिक्षक उत्तम प्रधान के देखरेख में परीक्षा कराई गई। जिसमें 18 प्रशिक्षुओं ने पुनः परीक्षा उत्तीर्ण की। इस प्रकार कुल 40 प्रशिक्षुओं ने परीक्षा उत्तीर्ण कर बौद्धाचार्य की डिग्री हासिल की। जिलाध्यक्ष ने उत्तीर्ण सभी प्रशिक्षुओं को बधाई दी और परीक्षा में असफल रहे सभी प्रशिक्षुओं को एक बार पुनः प्रयास करने की अपील की।
