अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
राजधानी भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट की सुरक्षा में सेंध करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति बुधवार सुबह अचानक एयरपोर्ट रन-वे पर पहुंच गया। संदिग्ध व्यक्ति को रन-वे पर पहुंचता देखकर एयरपोर्ट में पदस्थ सीआईएसएफ के जवानों ने उसे अपनी हिरासत में लेकर थाना गांधीनगर पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना गाँधीनगर की पुलिस ने बताया कि युवक अपना नाम निहाल सिंह पंजाब के संगूर जिले का निवासी बताया है । निहाल सिंह द्वारा दर्ज कराए गए अपने बयान अनुसार वह आज बुधवार तड़के बैरागढ़ स्टेशन पर उतरा था। इस दौरान उसकी ट्रेन छूट गई। रास्ता नहीं पता होने के कारण वह अंधेरे में एयरपोर्ट के रन-वे साइड की बाउंड्री वाल को पार करते हुए अंदर घुस गया। उसे लगा था कि यह आगे जाने का रास्ता है।
गांधीनगर पुलिस का कहना है कि निहाल सिंह ने जो बयान दर्ज करवाए हैं, उसमें कितनी सच्चाई है यह तो जांच के बाद पता ही चलेगा। फिलहाल निहाल सिंह नेअपने परिजनों से फोन पर बात करवाई है। उसके परिजन भोपाल आने के लिए निकल चुके हैं। जांच के आधार पर यदि निहाल सिंह दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। यदि वह दोषी नहीं पाया जाता है, तो उसे छोड़ा जाएगा।
भोपाल एयरपोर्ट में आज बुधवार तड़के की इस घटना ने एयरपोर्ट की सुरक्षा के जिम्मेदार सीआईएसएफ विभाग की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। उल्लेखनीय है कि निहाल सिंह जिस दीवार को कूदकर रन-वे तक पहुंचा था, वहां पर सीआईएसएफ का सुरक्षा पोस्ट बना हुआ है। लेकिन सुरक्षा पोस्ट में किसी भी कर्मचारी के मौजूद न होने के कारण निहाल सिंह रन-वे तक पहुंच था । सीआईएसएफ जवानों के इस गैर-जिम्मेदाराना रवैए के चलते भोपाल एयरपोर्ट की सुरक्षा में कोई भी संदिग्ध सेंध लगा सकता है।
