आलम वारसी, ब्यूरो चीफ, मुरादाबाद (यूपी), NIT:
जनपद मुरादाबाद की पीतल नगरी ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है मुरादाबाद की फेमस गुप्ता इंडस्ट्रीज को पहली बार चीन से ट्रॉफी निर्माण का एक बहुत बड़ा आर्डर प्राप्त हुआ है। मुरादाबाद ही नहीं बल्कि पूरे भारतीय ट्रॉफी उद्योग के लिए एक ऐतिहासिक पल है। मुरादाबाद के अगवानपुर रोड लडावली गांव स्थित गुप्ता इंडस्ट्रीज फैक्ट्री में आधुनिक मशीनरी और विशेष प्रशिक्षित कर्मचारियों के सहयोग से चीन भेजने के लिए भारी मात्रा में ट्राफियां तैयार की गई है।
वहीं मुख्य अतिथि के रुप में पहुंची भाजपा की जिला पंचायत अध्यक्ष शेफाली चौहान ने इस ऐतिहासिक ऑर्डर के तहत तैयार माल से भरे कंटेनर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। इसके साथ ही चीन के लिए बनाया जा रहे उत्पादों व फैक्ट्री में मौजूद मशीनों व किस तरह से उत्पाद बनाए जा रहे हैं इसका निरीक्षण भी किया। शेफाली चौहान ने इस उपलब्धि को मुरादाबाद के युवाओं और स्थानीय उद्योगों के लिए प्रेरणा स्त्रोत बताया है। उन्होंने कहा कि इस सफलता से न केवल स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे बल्कि मुरादाबाद का नाम भी और रोशन होगा।
गुप्ता इंडस्ट्रीज के मैनेजर डायरेक्टर राहुल गुप्ता ने बताया कि यह सफलता वर्षों की मेहनत नवाचार और गुणवत्ता के प्रति मेहनत का परिणाम है। गुप्ता इंडस्ट्रीज पिछले 75 वर्षों से पीतल व ट्रॉफी निर्माण के क्षेत्र में काम कर रही है। इस उद्योग ने अपनी उत्कृष्ट गुणवत्ता के दम पर देश-विदेश में एक अलग पहचान बनाई है। चीन जो वर्ष 2013 के बाद ट्रॉफी निर्माण के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर प्रमुख बन गया था। वहीं अब इस देश से भारतीय कंपनी को ऑर्डर मिलना इस बात का प्रतीक है कि भारत की निर्माण क्षमता और गुणवत्ता वैश्विक स्तर पर सराही जा रही है। इस अवसर पर गुप्ता परिवार से राहुल गुप्ता नीरज गुप्ता और रजत गुप्ता भी उपस्थित रहे।
