संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:
जिले के सुनवानी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गढ़ी करहिया के मजरा ग्राम रामनगर में रविवार को तेज आंधी और अंधड़ के चलते एक रिहायशी बस्ती में अचानक आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैली और देखते ही देखते बस्ती के कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया।
सुनवानी थाना प्रभारी सरिता तिवारी ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग को बुझाने और उसे फैलने से रोकने के प्रयास शुरू किए गए। थाना प्रभारी ने बताया कि इस दौरान पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर जलते हुए घरों से कई गैस सिलेंडरों को बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। वही घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अमानगंज माधवी अग्निहोत्री भी मौके पर पहुच गई।
हालांकि, इस भीषण अग्निकांड में कई मकान जलकर पूरी तरह से खाक हो गए हैं, जिससे प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही पन्ना कलेक्टर भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता पहुंचाने की बात कही गई है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, लेकिन तेज आंधी को इसका मुख्य कारण माना जा रहा है।
