राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

प्रदेश सरकार द्वारा शराब दुकानों के अहातों पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन देवरी में इन निर्देशों की सरेआम अवहेलना हो रही है। नई कंपोजिट शराब दुकानों के शुरू होते ही अवैध अहाते भी चालू कर दिए गए हैं, जहां खुलेआम बैठकर शराब परोसी जा रही है। 1 अप्रैल से झरना पुलिया स्थित शराब दुकान के नीचे हॉल में गुपचुप तरीके से अहाता शुरू कर दिया गया है, जहां आए दिन भीड़ जुटती है। इसी तरह, बस स्टैंड के पास स्थित दुकान के बाजू में भी ऐसा ही अवैध अहाता संचालित किया जा रहा है। थाना प्रभारी मीनेश भदौरिया ने बताया कि इन अवैध अहातों की शिकायतें मिली थीं, जिनके आधार पर दोनों जगहों पर नोटिस देकर इन्हें बंद करने की हिदायत दी गई थी।

अगर इसके बावजूद संचालन जारी रहा, तो दुकानें सील करने की कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं, शराब दुकानों में नियमों की और भी अनदेखी हो रही है। निर्धारित रेट से अधिक दामों पर देशी और अंग्रेजी शराब बेची जा रही है, जबकि दुकानों पर रेट लिस्ट तक चस्पा नहीं की गई है। मनमाने ढंग से बिक्री का यह सिलसिला गांव-गांव में भी फैल गया है, जहां अवैध शराब की खपत तेजी से बढ़ रही है। इस पूरे मामले में आबकारी निरीक्षक सियाराम ने बताया कि अवैध अहाते और रेट लिस्ट न लगाने जैसी शिकायतों की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह है कि प्रशासन इन अवैध गतिविधियों पर कब तक लगाम लगाता है, या फिर देवरी में नियम यूं ही कागजों में दबे रहेंगे।
