परसराम साहू, देवरी-सागर (मप्र), NIT;
केसली विकासखण्ड के महाराजपुर थाना अंतर्गत सहजपुर तेंदुखेड़ा मार्ग पर यात्रियों से भरी बस के पलटने से सवार 25 यात्री घायल हो गये हैं, जिनमें से 3 की हालत गंभीर है।
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर लगभग 3 बजे हुई घटना में बरकोटी बस सर्विस की बस क्रमांक एम.पी.15 पी 0277 सवारियों को लेकर रहली से मोहासा जा रही थी। घटना के बाद सभी घायलों को देवरी एवं केसली की डायल 100 सेवा एवं 108 सेवा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र केसली में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक हर्ष यादव, एसडीओपी देवरी अजीत पटैल, प्रभारी देवरी अभिषेक वर्मा ने घटना स्थल पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। घटना का कारण यात्रियों द्वारा बस के कलपुर्जे में आई खराबी के कारण अगले पहिये का अलग होना बताया गया है। यात्रियों के अनुसार बस चालक नशे की हालत में था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
