आलम वारसी, ब्यूरो चीफ, मुरादाबाद (यूपी), NIT:

22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के प्रमुख पर्यटन स्थल पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले ने पूरे देश को गहरे शोक और आक्रोश से भर दिया। पर्यटन के लिए आए निहत्थे निर्दोष नागरिकों पर घात लगाकर हमला किया गया जिसमें 26 मासूमों की जान चली गई। यह हमला न सिर्फ मानवता पर आघात है बल्कि हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान को भी चुनौती देता है। कई परिवार पलभर में उजड़ गए और खुशियां मातम में बदल गईं। इस जघन्य घटना ने पूरे देश में सुरक्षा और आतंकवाद पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस निर्मम हत्याओं के विरोध और मारे गए निर्दोषों की आत्मा की शांति के लिए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, मुरादाबाद जिला द्वारा महानगर के अमरोहा गेट से कैंडल मार्च निकाला, इसके साथ पाकिस्तान का पुतला हाथों में लेकर पाकिस्तान व पाकिस्तानी आतंकवाद के खिलाफ जम कर नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में टाउन हॉल पहुंचे और चौराहे पर पाकिस्तान के पुतले को आग के हवाले कर दिया। यह कैंडल मार्च व पुतला दहन महानगर अध्यक्ष दानिश कुरैशी व जिलाध्यक्ष रवि चौधरी के नेतृत्व में निकाला गया। इस मौके पर तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा।
