मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

शनिवार को जिला अधिवक्ता संघ बुरहानपुर के प्रमुख पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने संघ के अध्यक्ष युनुस पटेल के नेतृत्व में सचिव संतोष देवताले के साथ क्षेत्रीय सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल से नेपानगर विधायिका सुश्री मंजू दादू के परिवारिक विवाह समारोह में मोहम्मद पुरा स्थित एक मंगल भवन में सौजन्य मुलाक़ात की। संघ के अध्यक्ष युनुस पटेल ने कहा कि बुरहानपुर जिले में जिला न्यायालय बुरहानपुर के अतिरिक्त नेपानगर न्यायालय तथा खकनार में भी तहसील स्तर के न्यायालय संचालित है और जिले के तीनों ही न्यायालयों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में शहर से और दूरस्थ ग्रामों से पक्षकार गण पहुंचते हैं । भीषण गर्मी के दिनों में उन पक्षकारों के बैठने के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं है। इसलिए यह तीनों ही न्यायालय परिसर में टीन शेड बनाया जाना बहुत आवश्यक है।
जिला अधिवक्ता संघ के सचिव संतोष देवताले ने कहा कि बुरहानपुर खकनार और नेपानगर न्यायालय परिसर में पक्षकारों के लिए प्रतीक्षालय शेड नहीं होने से पक्षकारों को बहुत ही असुविधा का सामना करना पड़ता है। अधिवक्ता संघ की इस मांग पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने संघ के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि खकनार और नेपानगर न्यायालय के लिए मैं क्षेत्रिय विधायक मंजू दादू से अनुशंसा कर दोनों ही न्यायालय में आम जनमानस और पक्षकारों के लिए सर्व सुविधायुक्त टीन शेड के प्रतीक्षालय विधायक निधि से निर्मित करवायेंगे। बुरहानपुर में भी आवश्यक सुविधाओं के साथ टीन शेड का पक्षकारों का प्रतीक्षालय शेड सांसद निधि से निर्मित करवाएंगे। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि व एडवोकेट आदित्य प्रजापति,अधिवक्ता हेमन्त सिंह पाटिल और सांसद के करीबी मित्र व अधिवक्ता मोहनराव पाटिल उपस्थित थे।
