पीयूष मिश्रा/अश्वनी मिश्रा, सिवनी (मप्र), NIT;
जी हां सुनने में अजीबो गरीब है लेकिन यह पूरी तरह सत्य है। दरअसल पूरा मामला सिवनी के डूंडा सिवनी थाने का है, जहां एक युवक की रिपोर्ट लिखाने बहन को साथ में लेकर पहुंचे भाई के सामने ही थाना प्रभारी ने युवती की इच्छा जानते हुए उक्त युवक के साथ युवती का रिश्ता तय करा दिया।
दरअसल प्रेम प्रसंग के मामले को लेकर एक युवक के विरुद्ध शिकायत करने अपनी बहन को लेकर डूंडा सिवनी थाने पहुंचे भाई की शिकायत के बाद थाना प्रभारी दिलीप पंचेश्वर ने मामला कायम ना करते हुए युवक-युवती के परिजनों को बुलाकर थाने में ही दोनों का रिश्ता पक्का करा दिया। थाना प्रभारी की समझाइश के बाद एक दूसरे से प्रेम करने वाले युवक और युवती के साथ उनके परिजनों ने रिश्ता तय करने के लिए हामी भर दी। संभवता यह पहला मामला होगा जब शिकायत के बाद मामला कायम ना करने और जांच करने के बजाए किसी थाने में इस तरह का प्रेम प्रसंग का मामला थाना प्रभारी की सूझबूझ और समझा इसके चलते निपटाया गया है।
प्रेम प्रसंग का था मामला
पूरा मामला छिंदवाड़ा जिले के चौरई के पास स्थित आमाको निवासी अनिल पिता कपूरचंद परते भूरकलखापा में रहकर मजदूरी का कार्य कर रहा था, इसी दौरान उसका प्रेम प्रसंग भूरकल खापा निवासी रम्मो सिरसाम के साथ हो गया। इस प्रेम प्रसंग की भनक लगते ही उक्त युवती के भाई अजय ने अपनी बहन के साथ गुरुवार को डूंडा सिवनी थाना पहुंचकर उक्त युवक अनिल परते के विरुद्ध शिकायत करी थी। पूरा मामला और शिकायत सुनने के बाद डूंडा सिवनी थाना प्रभारी दिलीप पंचेश्वर ने उक्त युवक और युवती दोनों से ही उनकी राय जानी और युवती ने बताया कि वह अनिल से प्रेम करती है और उसके साथ ही शादी करना चाहती है।

परिवार के सामने तक किया रिश्ता
थाने में युवती की बात सुनने और समझने के बाद थाना प्रभारी दिलीप पंचेश्वर ने उक्त युवक और युवती दोनों के परिजनों को थाने में बुलवाया और उन्होंने दोनों परिजनों को समझाइश देकर संबंधित युवक और युवती के विवाह करने की बात कही। थाना प्रभारी की समझाइश के बाद उक्त युवती के भाई ने कहा कि अभी उसके और परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और वह अपनी बहन का विवाह नहीं करा सकता। इस पर थाना प्रभारी ने दोनों की रजामंदी से ना केवल थाने में ही उनके विवाह का रिश्ता पक्का कराया बल्कि 1 क्विंटल चावल और 10 किलो दाल अपनी ओर से देने की बात कही साथ ही थाना प्रभारी दिलीप पंचेश्वर ने अन्य व्यवस्थाओं को कराने का आश्वासन भी दिया। डूंडा सिवनी थाना प्रभारी की सारी बातें और समझाइश को सुनकर युवक और युवती के परिवार भी राजी खुशी रिश्ते के लिए तैयार हो गए और थाना प्रभारी की सूझबूझ और समझदारी के चलते आपस में प्रेम करने वाले युवक युवती का रिश्ता थाना परिसर में ही पक्का हो गया।
