यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

धौलपुर शहर के जगन तिराहा इलाके में शुक्रवार दोपहर नगर परिषद और जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान फिर से तेज़ कर दिया। पीला पंजा’ जेसीबी मशीन के चलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया और वे आनन-फानन में अपने-अपने दुकानों से सामान निकालते नज़र आए। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से अतिक्रमण हटाने की मुहिम धीमी पड़ गई थी, जिससे लोगों को यह भ्रम हो गया कि अब यह कार्रवाई हनुमान जयंती के बाद ही शुरू होगी लेकिन शुक्रवार को अचानक से शहर के विभिन्न इलाकों में अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई शुरू कर दी गई। इस संबंध में नगर परिषद आयुक्त अशोक शर्मा ने बताया कि अवैध नालों और बावड़ियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोग स्वयं ही अपने अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा नगर परिषद की कार्रवाई में उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है। नगर परिषद की इस सख्ती के चलते शहर के अन्य क्षेत्रों में भी हलचल का माहौल बना हुआ है।
