मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

नशा मुक्त भारत अभियान अंतर्गत गठित ज़िला स्तरीय समिति की बैठक कलेक्टर श्री हर्ष सिंह की अध्यक्षता में संयुक्त कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित रही। बैठक में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के संदर्भ में भारत सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देशों का वाचन कर प्रस्तुतिकरण उपस्थित सदस्यों के समक्ष किया गया। जिले में नशीले पदार्थों के सेवन से मुक्ति हेतु निरंतर रूप से “नशामुक्ति अभियान” का सफल क्रियान्वयन किया जाना है।
कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने जिले में नशा मुक्त भारत अभियान अंतर्गत आगामी दिवसों में किये जाने वाले कार्यक्रम एवं विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये है। ‘‘नशा मुक्ति अभियान‘‘ के तहत उच्च शिक्षा, तकनीकि शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, आयुष विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी विभाग (जन अभियान परिषद), पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, श्रम विभाग, पुलिस विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जायेगी।
