असीम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

सांवरी क्षेत्र के पटनिया उपकेंद्र में कॉपर की 09 रॉड लूटने की जांच करने पहुंची पुलिस के सामने कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। यहां कोई लूट हुई ही नहीं, ड्यूटी के दौरान ऑपरेटर रामप्रसाद, नितेश और गार्ड नंदकिशोर की लापरवाही के कारण रॉड चोरी हो गई थी। इस पर पूरा स्टाफ नौकरी जाने के डर से एक हो गया और तय किया गया कि ऐसी ही रॉड खरीदकर वापस रख लेते हैं। रॉड खरीदने 03 लोग भोपाल भी गए लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया और वैसी ही रॉड नहीं मिली। वापस आकर जेई आदेश मर्सकोले के साथ मिलकर सभी ने लूट की झूठी कहानी बनाकर सांवरी चौकी में रिपोर्ट लिखा दी। मामले की जांच करने पहुंची पुलिस ने जब अपने अंदाज में पूछताछ की तो कर्मचारियों ने तोते की तरह पूरा सच उगल दिया और फर्जी लूट की झूठी कहानी सामने आ गई। हां, पटनिया उपकेन्द्र से 09 रॉड चोरी हुई है, जिसे पुलिस तलाश रही है। झूठी घटनाक्रम तैयार करने वाले आपरेटर व गार्ड के विरुद्द दण्डात्मक कार्यवाही करने हेतु विभागीय अधिकारियों को सुचना दी गयी है।
