अबरार अहमद खान/मुकीज खान, भोपाल (मप्र), NIT:

पश्चिम मध्य रेलवे का भोपाल मंडल अपने कर्मचारियों की ईमानदारी, सजगता और समर्पण के कारण निरंतर सुर्खियों में बना रहता है। इस बार बीना स्टेशन पर तैनात मेल ट्रेन मैनेजर श्री पीयूष कुमार सिंह की ईमानदारी और सतर्कता ने रेलवे की प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि की है।
हाल ही में पूर्व मंत्री श्री प्रभू सिंह ठाकुर का परिवार केरला एक्सप्रेस के B-5 कोच में सीट संख्या 49-50 पर मथुरा से बीना तक यात्रा कर रहा था। यात्रा के दौरान परिवार की एक महिला की चांदी की पायल सीट के नीचे गिर गई, जिसकी जानकारी उस वक्त परिवार को नहीं हुई। इसी ट्रेन में सवार मेल ट्रेन मैनेजर श्री पीयूष कुमार सिंह की नजर जब इस पायल पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए सहयात्रियों और टिकट निरीक्षक से संपर्क किया। यात्री के पीएनआर नंबर और मोबाइल नंबर लेकर उन्होंने जानकारी जुटाई और पाया कि यह पायल पूर्व मंत्री श्री प्रभू सिंह ठाकुर के परिवार की है।
श्री सिंह ने न केवल ईमानदारी का परिचय दिया बल्कि अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए स्वयं पूर्व मंत्री श्री प्रभू सिंह ठाकुर के निवास पर जाकर वह पायल सम्मानपूर्वक परिवार को वापस की। श्री ठाकुर ने उनकी ईमानदारी और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए प्रशंसा पत्र प्रदान किया। उन्होंने रेलवे प्रशासन को भी पत्र लिखकर श्री पीयूष कुमार सिंह की प्रशंसा की।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने कहा कि श्री पीयूष कुमार सिंह का यह सराहनीय कार्य रेलवे कर्मचारियों के लिए अनुकरणीय उदाहरण है। उनके इस प्रयास से रेल प्रशासन का मान बढ़ा है और यात्रियों के बीच रेलवे के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ है। भोपाल मंडल श्री सिंह के ऐसे प्रेरणादायक कार्यों पर गर्व करता है।
