अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

राजधानी भोपाल स्थित SGS कॉलेज ऑफ एजुकेशन में D.EL.ED. (प्रथम वर्ष) के छात्रों से अवैध रूप से अतिरिक्त फीस वसूली का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्रों को फीस रसीद देने के बजाय केवल साधारण पर्ची थमाई जा रही है।
ऐसे में एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने माध्यम शिक्षा मंडल व फीस कमेटी में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। परमार का कहना है कि कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्रों से मोटी रकम लेकर उन्हें विधिवत फीस रसीद देने के बजाय केवल साधारण पर्ची थमाई जा रही है, जिससे कालेज में चल रही अनियमितताएं और भ्रष्टाचार सामने आ गया है ।
एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार का कहना है कि छात्रों के भविष्य के साथ इस प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कॉलेज प्रशासन द्वारा अवैध वसूली पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई तो एनएसयूआई छात्रों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी।
छात्रों के आर्थिक शोषण के खिलाफ एनएसयूआई ने कड़ा रुख अपनाते हुऐ कहा है कि आयकर विभाग में भी शिकायत की जाएगी कि संस्थान द्वारा लिए जा रहे नकद भुगतान और बिना रसीद के लेन-देन के माध्यम से बड़ी मात्रा में आयकर चोरी की जा रही है।
एनएसयूआई की मांग:-
- SGS कॉलेज ऑफ एजुकेशन में हो रही अवैध फीस वसूली की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
- छात्रों से ली गई अतिरिक्त राशि वापस कराई जाए।
- छात्रों को विधिवत फीस रसीद जारी की जाए।
- संस्थान के द्वारा संचालित सभी कॉलेजों की आयकर विभाग द्वारा वित्तीय जांच कराई जाए।
- दोषी कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
यदि जल्द ही इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो एनएसयूआई छात्रों के हक में सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

