अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने मथुरा वृंदावन नगर निगम के नगर आयुक्त शशांक चौधरी के साथ अर्बन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवेलपमेन्ट एजेन्सी द्वारा संचालित मुख्यमंत्री ग्रीन रोड़ इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेन्ट योजनान्तर्गत निर्माणाधीन गोविन्द नगर सड़क का विकास एवं सौन्दर्यीकरण कार्य के दृष्टिगत स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने मानचित्र/ मैप का अवलोकन कर प्लेन की जानकारी ली। जिलाधिकारी द्वारा फर्म- मैसर्स नेशनल हाईवें कन्स्ट्रक्शन को परियोजना की गाइडलाइन के अनुसार तत्काल कार्य प्रारम्भ किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने प्रत्येक सप्ताह कार्य की प्रगति का निरीक्षण करने हेतु नगर आयुक्त को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि उनके एवं नगर आयुक्त द्वारा संयुक्त रूप से भी निरीक्षण किया जाएगा। इसी के साथ कार्य में लगे सभी संबंधित विभाग के अभियंताओं को निर्देशित किया गया कि मौके पर उपस्थित रहकर अपने पर्यवेक्षण में कार्य कराया जाना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश के साथ साथ मैनपावर बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कार्यों ने कोई समस्या उत्पन्न होती है तो तत्काल उनके संज्ञान में लाया जाए। उन्होंने उक्त सड़क मार्ग को मॉडल रोड के रूप में बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि उक्त सड़क मार्ग में आने वाले विद्युत से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए। कार्यदाई संस्था को निर्देश दिए कि सड़क मार्ग पर जगह जगह बोर्ड लगाए कि कार्य प्रगति पर है के सेफ्टी इक्यूपमेंट लगाए, जिससे आम जनमानस को समस्या न हो।
सड़क मार्ग के आस पास निर्माण क्षेत्र को ग्रीन जाली से घेरे। उक्त निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने भूतेश्वर रेलवे अंडरपास के नीचे होने वाले जलभराव का स्थायी समाधान होने के दृष्टिगत नगर आयुक्त के साथ भूतेश्वर रेलवे अंडरपास का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कंस्ट्रक्शन एवं डिजाइन सर्विसेज उ0प्र0 जल निगम मथुरा के परियोजना प्रबंधक उपस्थित थे।
जिलाधिकारी द्वारा मौके पर परियोजना प्रबंधक को रेलवे अंडरपास के नीचे जल भराव के स्थायी समाधान हेतु नाला निर्माण करते हुये परियोजना तैयार कर प्रस्तुत किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने टैंक चौराहा के निकट होने वाले कार्यों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पार्षदगण, प्रभारी मुख्य अभियंता अमरेंद्र गौतम,अवर अभियन्ता मुनि देव एवं सीवरेज ईकाई उ0प्र0 जल निगम, डेरा कन्स्ल्टेन्ट एवं मैसर्स नेशनल हाईवे कन्स्ट्रक्शन के प्रोपराइटर आदि उपस्थित रहे।
