अबरार अहमद खान/मुकीज खान, भोपाल (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का ऐतिहासिक इक़बाल मैदान नगर निगम की लापरवाही के चलते इस वक़्त पूरी तरह से बदहाली का शिकार है। अल्लामा इक़बाल के अशआर उकेरे पत्थर उखड़ रहे हैं शाहीन पूरी तरह से खस्ता हाल है। वाटर फाउंटेन बंद है, बिजली के खम्बे टेढ़े और बाउंड्रीवाल गिर रहे हैं लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।

इक़बाल मैदान जो कभी अपनी खूबसूरती की मिसाल हुआ करता था आज बेजान सा नज़र आ रहा है। ऐसे में जमीअत उलमा मध्यप्रदेश के प्रेस सचिव हाजी मोहम्मद इमरान ने इक़बाल मैदान को संरक्षण देने एवं वहां आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर से प्रतिबंध हटाने की मांग की है।

हाजी इमरान का कहना है कि इक़बाल मैदान के संरक्षण के लिए कई वर्षों से हर विभाग में गुहार लगाई गई पर किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया जिसकी वजह से दिन प्रति दिन यह अपना अस्तित्व खोता हुआ नज़र आ रहा है। हाजी इमरान ने नगर निगम, भोपाल महापोर, जन प्रतिनिधि, पर्यटन विभाग से इक़बाल मैदान को दुरस्त करने की मांग की है।
