सौरभ मिश्रा, सुल्तानपुर (यूपी), NIT:
ग्रामीण क्षेत्रों में असमय विद्युत कटौती से विद्यार्थियों के अध्ययन में उत्पन्न हो रही बाधा के कारण सुल्तानपुर एस डी एम सदर विपिन द्विवेदी को ज्ञापन कटका क्लब सामाजिक संस्था के द्वारा सौंपा गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था अध्यक्ष सौरभ मिश्र विनम्र ने किया। इस मौके पर उपस्थित संस्था अध्यक्ष सौरभ मिश्र विनम्र ने बताया कि हाईस्कूल और इण्टरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के दिन निकट हैं। छात्र परीक्षा की तैयारी में लगे हुए हैं। दिसम्बर अर्थात सर्दी के महीने में घर के कमरों में सुबह सात बजे के बाद ही पढ़ने-लिखने के लिए विद्यार्थियों को प्रर्याप्त प्राकृतिक प्रकाश मिल पाता है। विद्युत विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह पांच बजे के आस-पास बिजली काट दी जा रही है। जिससे विद्यार्थियों को पढ़ने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इस मौके महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष नफीसा खातून ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के इस पीक टाइम में बिजली कट जाने के बाद विद्यार्थियों कों अध्ययन में बड़ी असुविधा हो रही है। सर्दी के दिनों में सुबह पांच बजे कमरे और कमरे के बाहर अंधेरा रहता है। छः बजे के बाद कमरे बाहर कुछ प्रकाश संभव होता है। सर्दी के महीने में सुबह कमरे के बाहर बैठ कर पढ़ने से विद्यार्थियों को ठंड लग सकती है जिससे वे बीमार भी पड़ सकते हैं। वहीं राष्ट्रीय सर्व समाज आर्मी के प्रदेश प्रभारी सरफराज ने कहा कि विद्युत विभाग को सुबह पांच बजे से सात बजे तक विद्युत कटौती रोकने के लिए निर्देशित करें नहीं तो संस्था जल्द आन्दोलन करेगी । ज्ञापन देने में गुल फूल बेगम, बृजेन्द्र मिश्र, मोनू यादव, रवि तिवारी, सूफियान, समीर, अमर यादव उपस्थित रहे।
