सलमान चिश्ती, रायबरेली (यूपी), NIT;
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार से अपनी मांगों को लेकर विगत 22 अक्टूबर 2017 से किये जा रहे अनवरत धरना प्रदर्शन में सरकार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की मानदेय बढ़ाने सहित 11 सूत्रीय मांगे ना माने जाने से क्षुब्ध आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने आज महराजगंज कस्बे के मुख्य मार्गो से होकर मशाल जुलूस निकालकर सरकार के विरोध में अपना विरोध प्रदर्शन दर्ज कराया।
इस प्रदर्शन के दौरान आंगनवाड़ी कर्मचारियों ने अपने हाथों में मशाल लेकर व सरकार के विरोध में लिखे नारों की तख्तियां लेकर पूरे कस्बे में घूमकर सरकार के विरोध में अपना विरोध प्रदर्शन दर्ज कराया। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की ब्लॉक अध्यक्ष मीना सोनकर ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्माननीय मानदेय न दिए जाने से आज आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के परिवारों के आगे भुखमरी जैसे हालात पैदा हो गए हैं। वही आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की ओर से अपने सम्मानित मानदेय सहित 11सूत्रीय मांगो को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जो अनदेखी की जा रही है उसके तहत उत्तर प्रदेश सरकार के विरोध में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने एक जुट होकर आंगनबाड़ी संघ द्वारा तय कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम निर्धारित किए हैं। जिनमें 5 दिसंबर को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मशाल जुलूस निकालकर सरकार से अपना विरोध दर्ज कराना भी शामिल था। वही 6 दिसंबर 2017 को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां अपनी अपनी परियोजनाओं से पद यात्रा निकाल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपीं। वही 7 दिसंबर को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार के विरोध में ब्लॉक परिसर में क्रमिक अनशन कर अपना विरोध दर्ज कराएंगी। वही उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की मानदेय बढ़ाने सहित 11 सूत्रीय मांगों को यदि ना माना गया तो 11 दिसंबर 2017 से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां अनिश्चितकालीन आमरण अनशन के लिए बाध्य होंगी। इस कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी ब्लॉक अध्यक्ष मीना सोनकर, मधुबाला, प्रिया शुक्ला, सुधा वाजपई, अपर्णा, सत्यवती सहित सैकड़ो कार्यकत्रियां मौजूद रही।
