मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

जनपद न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती बबीता रानी के निर्देशानुसार अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पीयूष तिवारी ने वृद्धाश्रम बनतारा का किया निरीक्षण।
सचिव पीयूष तिवारी ने निरीक्षण के समय वृद्धाश्रम में साफ सफाई तथा अन्य व्यवस्था का जायजा लिया गया। वृद्ध कक्ष में टी0वी0 लगा पाया जो कि चालू हालत में है। निरीक्षण के दौरान सभी वृद्ध दोपहर का भोजन करते पाये गये।
वृद्धाश्रम के मैनेजर ब्रह्मदेव ने बताया गया कि आज दोपहर का भोजन शुभनीत पाठक द्वारा निजी तौर पर वितरण किया गया, जिसमें छोले, सूखे आलू की सब्जी, रायता, बेसन की कचौड़ी आदि पकवान थे। निरीक्षण के दौरान वृद्ध महिला श्रीमती बिटौली पत्नी श्री फकीरे द्वारा गर्म पानी की व्यवस्था न होने की शिकायत की गई, जिसके सम्बन्ध में सचिव ने ग़ीजर, गर्म पानी की टंकी लगवाने के निर्देश दिये।
कुछ वृद्ध महिलाओं द्वारा आखों की समस्या के बारे में बताया गया, जिसके लिये मेडिकल कैम्प लगवाने के भी निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के वरिष्ठ लिपिक मो0 अफजल, वृद्धाश्रम का स्टाॅफ व वृद्धजन आदि मौजूद रहे।
