इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:

लाल परेड मैदान, भोपाल से ”जनकल्याण पर्व” और “मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान” का शुभारंभ, 1.28 करोड़ लाडली बहनों एवं 55 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों को राशि का अंतरण तथा अंतराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को वर्चुअल मैहर के नगर पालिका पर्यटक सूचना केंद्र प्रांगण से देखा व सुना गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल ने दीप प्रज्वलन कर किया। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि का अंतरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महाकाल एवं गुरुकुल विद्यालय के छात्र-छात्राओं के द्वारा पारंपरिक वेश-भूषा में सांस्कृतिक भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित नाटकीय नृत्य की प्रस्तुति दी गई एवं वेद विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बटुक नाथ ने मुखबिंदु से देववाणी संस्कृत में गीता एवं श्रीमद् भागवत के श्लोक का वाचन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गीता संतोष सोनी, जिला पंचायत सदस्य जयंती महेश तिवारी, जिलाध्यक्ष कमलेश सुहाने, पार्षद जितेंद्र पाण्डेय, अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, महिला बाल विकास अधिकारी राजेंद्र बांगरे, सीएमओ लालजी ताम्रकार, सीडीपीओ विद्याचरण तिवारी सहित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थिति रहे।
