गुलशन परूथी, ब्यूरो चीफ, दतिया (मप्र), NIT:

गोराघाट थाना क्षेत्र के इंदरगढ़ रोड स्थित श्रीवास्तव धर्म कांटे के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह करीब 5 बजे गोराघाट पुलिस को इसकी सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान अजीत गंगोलिया (पुत्र नारायण गंगोलिया, निवासी सालोंन, थाना पंडोखर, जिला दतिया) के रूप में की।
घटना स्थल पर बड़ौनी एसडीओपी विनायक शुक्ला और गोराघाट थाना प्रभारी अंबर सिंह सिकरवार ने पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं, जिनके बयानों के आधार पर पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह हादसा है या हत्या। पुलिस मृतक के गोराघाट आने और यहां रुकने के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच में जुटे अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जल्द ही इस रहस्यमयी मामले का खुलासा किया जाएगा।
