संदीप शुक्ला, ग्वालियर (मप्र), NIT;
इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में एएसपी स्तर के अधिकारी रूपेश दांगी ने पहली पत्नी को बिना जानकारी दिए दूसरी शादी कर ली। पहली पत्नी को दो साल तक इसकी भनक तक नहीं लगी लेकिन दूसरी पत्नी को एएसपी की इस करतूत का पता चला तो उसने विरोध किया जिससे भडके एएसपी दूसरी पत्नी को बंधक बनाकर प्रताडित करना शुरू कर दिया। इसी बीच दोनों पत्नियों को एक दूसरे का फोन नंबर मिल गया जिसके बाद शुक्रवार को दोनों महिलाओं ने एक साथ महिला थाने पहुंचकर एएसपी की करतूतों की जानकारी दी। पुलिस ने एएसपी, उनके पिता लाल दांगी, माता पुष्पा दांगी समेत परिवार के आठ लोगों के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, आईबी में एसीआईओ-1 (एएसपी स्तर ) के पद पर जबलपुर में पदस्थ 37 वर्षीय रूपेश दांगी का वर्ष 2007 में मूलत: राजगढ़ नरसिंहगढ़ निवासी 33 वर्षीय मनीषा दांगी से शादी हुआ था। मनीषा वर्तमान में उज्जैन डीआरपी लाइन में सब-इंस्पेक्टर पद पर पदस्थ हैं।
शादी के बाद एएसपी की दिल्ली, जम्मू, चंडीगढ़, भोपाल आदि जगहों पर पोस्टिंग के दौरान मनीषा उनके साथ रहीं। दोनों के बीच कोई बच्चा नहीं है। इसी बीच मनीषा की पोस्टिंग शाजापुर में हो गई। रूपेश का शाजापुर में भी आना-जाना बना था। दूसरी पत्नी संध्या ने कहा कि वह विरोध करती तो रूपेश व उसके परिजन उसे प्रताडित करते।
28 मई 2015 को हुई दूसरी शादी
अगस्त 2015 में मनीषा को पता चला कि रूपेश ने 28 मई 2015 को सिहोर निवासी 28 वर्षीय संध्या दांगी से दूसरी शादी कर ली है। इसी बीच संध्या को किसी मुखबिर ने बताया कि रूपेश शादी-शुदा है, तो संध्या ने मनीषा की खोज शुरू कर दी। संध्या से बात होने के बाद मनीषा ने रूपेश से संबंध तोड़ते हुए शाजापुर में दहेज प्रताडऩा समेत अन्य धाराओं में पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया। मनीषा का कहना है कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है। अभी दोनों के बीच तलाक नहीं हुआ है। ऐसे में वह दूसरी शादी नहीं कर सकते हैं, यह अपराध है।
संध्या भी रूपेश के धोखे से टूट चुकी थी। वह रूपेश से नफरत करने लगी। संध्या का कहना है कि वह रूपेश की मनमर्जी का विरोध करती तो रूपेश व उसके परिजन उसे प्रताडित करते। उसे बंधक बनाकर मारपीट की जाने लगी।
संध्या ने इसकी शिकायत जनवरी 2016 में शहडोल में पुलिस के आला अधिकारियों से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अगस्त 2016 में मनीषा का जन्मदिन था। इसी बीच संध्या ने एएसपी के मोबाइल फोन से मनीषा का नंबर निकाला। दोनों ने फोन पर बात कर एक दूसरे को पीड़ा बताई। इसके बाद संध्या रूपेश के चंगुल से छूटकर भोपाल आ गई और यहां मनीषा से मिली। इसके बाद दोनों ने रूपेश के खिलाफ शिकायत दर्ज करने का निर्णय लिया।
दांगी समाज में पुरुष दो विवाह करने की परंपरा बना लिए हैं। रूपेश दांगी के परिवार में उसकी बहनों ने भी दो बार विवाह किए हैं। मानव समाज में गलत परंपरा है, इसके विरोध में आखिरी तक लड़ाई लड़ूंगी। रूपेश को सजा दिलाकर ही रहूंगी: मनीषा दांगी, रुपेश की पहली पत्नी
- मेरे पिता को कैंसर है। उनके इलाज समेत अन्य खर्च की मेरी जिम्मेदारी है। मेरे एक भाई की मौत हो चुकी है। रूपेश ने दो महिलाओं की जिंदगी खराब की है। विरोध करने पर मुझे बंधक बनाकर मारपीट की जाती थी। रूपेश को कड़ी सजा मिले: संध्या दांगी, रुपेश की दूसरी पत्नी
