मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

जिला प्रशासन द्वारा तहसील खकनार में दिनांक 18 अक्टूबर 2024 को हवा, आंधी, ओलावृष्टि से हुई नुकसानी का सर्वे कार्य पूर्ण कर लिया गया है। प्रभारी मंत्री श्री तुलसी सिलावट के निर्देशानुसार एवं बुरहानपुर कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल के मार्गदर्शन में अधिकारियों की संयुक्त टीम ने सक्रियता के साथ सर्वे उपरांत आर्थिक सहायता हेतु आरबीसी 6(4) के तहत प्रकरण तैयार किए एवं दीपावली के उपलक्ष्य में तहसील खकनार अंतर्गत कुल 16 ग्रामों के 308 प्रभावित किसानों के लिए मुआवजा राशि 3,26,31,200 /- (तीन करोड़ छब्बीस लाख इकतीस हजार दो सो रूपए मात्र) किसानों के खाते में अंतरित की जा रही है।
