भीमसेना चीफ सतपाल तंवर को लारेंस विश्नोई गैंग से लगातार मिल रही हैं धमकियां, बसपा सुप्रीमो मायावती और चंद्र शेखर रावण को भी बताया निशाने पर, शार्पशूटर के फोन काल से मचा हड़कंप | New India Times

साबिर खान, गुरुग्राम/नई दिल्ली, NIT:

भीमसेना चीफ सतपाल तंवर को लारेंस विश्नोई गैंग से लगातार मिल रही हैं धमकियां, बसपा सुप्रीमो मायावती और चंद्र शेखर रावण को भी बताया निशाने पर, शार्पशूटर के फोन काल से मचा हड़कंप | New India Times

इस समय पूरे देश में विश्नोई गैंग चर्चा में बना हुआ है। इस गैंग के शूटर खुलेआम अपने गैंग के विरोधियों को फ़ोन व अन्य माध्यमों से धमकियां दे रहे हैं। भीमसेना चीफ नवाब सतपाल तंवर के लारेंस विश्नोई गैंग के ख़िलाफ़ आये बयान के बाद तो यह गैंग तंवर के पीछे हाथ धोकर पड़ गया है और शार्पशूटर लगातार धमकियां दें रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार पिछले कई दिनों से भीम सेना चीफ नवाब सतपाल तंवर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से धमकियां दी जा रही हैं। बताया जा रहा है कि अब तक 100 से भी ज्यादा धमकियां दी जा चुकी हैं। मंगलवार सुबह लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक शार्प शूटर नितिन कट्टा ने भीम सेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नवाब सतपाल तंवर को व्हाट्सएप कॉल करके सनसनी फैला दी। इस कॉल के बाद सतपाल तंवर ने नजदीकी सेक्टर 37 थाने को सूचित किया। मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी ने आनन-फानन में मामले की जानकारी एसीपी क्राइम वरुण दहिया और अन्य आला अधिकारियों को दी। बताया जा रहा है कि लॉरेंस बिश्नोई के शार्प शूटर नितिन कट्टा के फोन कॉल पर धमकी की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई क्राइम टीमें जांच के लिए लगाई गई हैं। शूटर ने कहा कि उनको साबरमती जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने फोन करने के लिए कहा है। उसने धमकी दी कि वह और उसके साथी सतपाल तंवर को गोलियों से भून देंगे साथ में बसपा सुप्रीमो बहन कुमारी मायावती को भी गोली मारने की बात कही गई है। शूटर ने बताया कि उसने और उसके साथियों ने भीम आर्मी के चंद्रशेखर आजाद उर्फ रावण को भी गोलियां मारी थीं। शूटर ने यह भी दावा किया कि वर्ष 2018 में नवाब सतपाल तंवर पर किए गए हमले में भी लॉरेंस बिश्नोई का ही हाथ था जिसमें 3 राउंड फायरिंग की गई थी और तंवर बाल-बाल बच गए थे। कॉल में दावा किया गया कि वह हमला भी जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने ही करवाया था। करीब 17 मिनट लंबी बातचीत में शूटर ने गंदी गालियां भी दी और संविधान निर्माता डॉ० भीमराव अम्बेडकर के बारे में भी अपशब्दों का इस्तेमाल किया। मालूम हो कि इसी वर्ष अप्रैल महीने में भी लॉरेंस बिश्नोई ने जेल से नवाब सतपाल तंवर को चिट्ठी लिखकर धमकी दी थी। जिसकी जांच अभी तक पूरी नहीं हुई है और कोई सुराग नहीं लग पाया है। बहरहाल भीम सेना चीफ सतपाल तंवर ने पुलिस को तहरीरी शिकायत दी है। अब देखना यह है कि पुलिस कितना जल्दी लॉरेंस बिश्नोई के इस शार्प शूटर और इसके साथियों को गिरफ्तार करती है।

इसके अलावा भी कई अन्य प्रसिद्ध लोगों को धमकी देने की खबरें भी मीडिया में गश्त कर रही हैं। लोगों का अनुमान है कि इस गैंग के पीछे जरूर किसी बड़े राजनेता का हाथ है इसलिए यह गैंग लगातार बेखौफ होकर क्राइम को अंजाम देकर पूरे देश में सनसनी फैलाए हुए है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version