अबरार अहमद खान/मुकीज खान, भोपाल (मप्र), NIT:

भोपाल के थाना शाहजहांनाबाद क्षेत्र में लोग आज उस वक्त आक्रोशित हो गए जब दो दिनों से लापता बच्ची का शव मिला। स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जबरदस्त हंगामा किया। आप को बता दें कि शाहजहांनाबाद क्षेत्र की वाजपई नगर मल्टी से मंगलवार दोपहर को रहस्यमय ढंग से घर के सामने से पांच वर्षीय बच्ची लापता हो गई थी।
बच्ची की खोजबीन में पुलिस की पूरी टीम वाजपई नगर के आसपास की तलाशी ली। साथ ही साथ डॉग स्क्वाड और ड्रोन की भी मदद ली गई लेकिन उस बच्ची का कहीं सुराग नहीं लगा था।जिस बहुमंजिला इमारत से बच्ची गायब हुई थी, उसी के ब्लॉक नंबर 1 में बंद फ्लैट के पानी की टंकी में उसकी लाश मिली। बच्ची का शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। उसके माता-पिता और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
उनका कहना है कि पुलिस इधर-उधर खोजती रही, लेकिन उन्होंने नजदीक स्थित इस बंद फ्लैट पर ध्यान नहीं दिया। आज उसी फ्लैट के अंदर रखी पानी की टंकी में बच्ची का शव मिला है। बाजपेयी नगर मल्टी की गुस्साई भीड़ ने नारेबाजी करते हुए शाहजहांनाबाद थाने का घेराव कर दिया। लोगों का कहना है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। बच्चों की मौत के लिए जिम्मेदार आरोपियों को फांसी की सजा दी जाए।
