अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

सामुदायिक केन्द्र इटवा में सोमवार को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत आयुष्मान भारत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य शिविर का शुभारम्भ पूर्व मंत्री डा. सतीश द्विवेदी ने किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से लेकर 02 अक्टूबर गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में आज इटवा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है।
उन्होंने मोदी-योगी सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वास्थ्य सम्बन्धी योजनाओं की जानकारी दिया और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के सफलतापूर्वक 06 वर्ष पूरा होने पर लाभार्थियों को शुभकामनाएं दिया। आगे कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और अशक्त परिवारों के लिए यह योजना संजीवनी है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में 5 करोड़ 11 लाख से अधिक लोगों को गोल्डन कार्ड जारी किया गया है। इस योजना से गरीबों को बेहतर इलाज मिल रहा है और उनका स्वास्थ्य भी सुरक्षित है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी रजत चौरसिया ने कहा कि सरकार आमजन की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मरीजों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग कटिबद्ध है। सीएचसी अधीक्षक इटवा डॉ संदीप द्विवेदी ने कहा सीएचसी इटवा पर सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गयी सभी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं।
जिसका लाभ लाभार्थियों तक शतप्रतिशत पहुंचाया जा रहा है। इस अवसर पर आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में डा. वी.के. सिंह, डा. शमीम खान, डा. संतोष राय आदि ने शिविर में आए लोगों का स्वास्थ्य जांच किया और दवा दिया। स्वास्थ्य मेला के सफल संचालन में सुरेश मिश्रा, अमित मिश्रा, अनिल यादव आदि विभाग के लोगों ने सहयोग किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य शिविर में नगर पंचायत अध्यक्ष इटवा विकास जायसवाल, भाजपा नेता अमित दूबे, अजय पाण्डेय सहित क्षेत्रीय जनता और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
